1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बुलंदशहर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेम प्रसंग में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, कूदकर जान देने की दी धमकी

बुलंदशहर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेम प्रसंग में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, कूदकर जान देने की दी धमकी

बुलंदशहर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को देखकर वहां भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई।

Young Man Climbs on Tower- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा

बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र के लखावटी गांव में गुरुवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके के लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक युवक प्यार में इस कदर परेशान हुआ कि अपनी जान देने की धमकी देते हुए एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा। युवक का यह हाई-वोल्टेज ड्रामा देखकर फिल्म 'शोले' के वीरू की याद आ गई, जो पानी की टंकी पर चढ़ गया था। इस घटना के बाद वहां देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और हर कोई अनहोनी की आशंका से डर गया।

ब्रेक अप के बाद युवक ने उठाया कदम

जानकारी के अनुसार, मोबाइल टावर पर चढ़े इस युवक का नाम अतुल ठाकुर है। बताया जा रहा है कि अतुल का पास के ही एक गांव की दूसरी जाति की लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन हाल ही में उसकी प्रेमिका ने उससे ब्रेकअप कर लिया था। प्रेमिका से दूर होने का गम अतुल बर्दाश्त नहीं कर पाया और वह गहरे तनाव में चला गया। इसी मानसिक तनाव और जिद के चलते उसने अचानक लखावटी क्षेत्र में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

पुलिस प्रशाशन ने दिखाई सूझबूझ

मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही औरंगाबाद थाना प्रभारी मोहम्मद असलम भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से सबसे पहले टावर के आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया ताकि कोई दुर्घटना न हो। इसके बाद थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने लाउडस्पीकर हाथ में लिया और युवक से लगातार बात करनी शुरू की। पुलिस टीम ने युवक को बहुत ही प्यार से और समझा-बुझाकर नीचे आने के लिए मनाया।

एक घंटे के बाद नीचे उतरा युवक

लगभग एक घंटे तक टावर पर यह ड्रामा चलता रहा। वहां मौजूद लोग अपनी सांसें थामकर युवक के सुरक्षित नीचे आने की प्रार्थना कर रहे थे। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई। जब पुलिस अधिकारियों ने अतुल को भरोसा दिलाया कि उसकी शिकायत और प्रेमिका के मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी, तब जाकर उसका गुस्सा शांत हुआ। आश्वासन मिलने के बाद युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

बुलंदशहर से वरुण शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

यूपी: 10 साल के दलित बच्चे से कुकर्म मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला, दोषी को मिली उम्रकैद की सजा

मदरसे में 14 साल के बच्चे से यौन शोषण का प्रयास, मौलाना का दोस्त है आरोपी; 10 छात्र हुए शिफ्ट