1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. एनकाउंटर में घायल हिस्ट्रीशीटर पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार, कई संगीन धाराओं में दर्ज हैं 35 मुकदमे

एनकाउंटर में घायल हिस्ट्रीशीटर पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार, कई संगीन धाराओं में दर्ज हैं 35 मुकदमे

कुख्यात बदमाश सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी मेडिकल कॉलेज से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया है। 21 अगस्त को घुटने के ऑपरेशन के लिए उसे भर्ती करवाया गया था। 2 अगस्त की मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी थी।

अस्पताल में भर्ती बदमाश की तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अस्पताल में भर्ती बदमाश की तस्वीर

गाजीपुर में पुलिस एनकाउंटर में घायल अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर और लुटेरा सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आज भोर में सुधीर बाथरूम जाने के बहाने पुलिस की निगरानी से निकलकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुट गई हैं। इस बात की पुष्टि एसपी सिटी डॉ राकेश कुमार मिश्रा ने की है।

दो अगस्त को पैर में लगी थी गोली

दरअसल, 2 अगस्त को गहमर पुलिस की मुठभेड़ में सुधीर पासी समेत दो बदमाशों के पैर में गोली लगी थी। मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था और बाद में सुधीर को जिला जेल भेज दिया गया था। इसके बाद 21 अगस्त को गोली लगने से घायल सुधीर पासी को घुटने के ऑपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। आज उसका ऑपरेशन होना था, लेकिन ऑपरेशन से पहले ही वह पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए बदमाशों के कब्जे से 90 हजार 620 रुपये नकद, सोने का लॉकेट, पांच मोबाइल फोन, चोरी की हंटर बाइक और दो अवैध तमंचे बरामद हुए थे। बरामद मोबाइल और बाइक को गाजीपुर के अलावा लखनऊ, सुल्तानपुर और आजमगढ़ में हुई वारदातों से जोड़कर जांच की जा रही है।

बदमाश के खिलाफ दर्ज हैं 35 मुकदमे

वहीं, मुख्य आरोपी सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी पर लूट, रंगदारी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 35 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। आरोप है कि 29 जुलाई को बकरा खरीदने के बहाने एक व्यापारी से 60 हजार रुपये और सोने की चेन लूटने की वारदात में भी सुधीर पासी का नाम सामने आया था। इसके अलावा कामाख्या धाम मैरिज हॉल के संचालक से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले का भी पुलिस ने खुलासा किया था।

अब सबसे बड़ा सवाल है कि कड़ी पुलिस निगरानी और अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद इतना शातिर बदमाश आखिर पुलिस को चकमा देकर कैसे फरार हो गया? फिलहाल गहमर पुलिस और जिले की पुलिस टीमें फरार सुधीर पासी की तलाश में जुटी हैं, जबकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है। कैमरे की नजर और पुलिस की कार्रवाई के बीच फरार हुए इस हिस्ट्रीशीटर की तलाश अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। बता दें कि इससे पहले भी गाजीपुर में एनकाउंटर हुए हैं। होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी एनकाउंटर में ढेर हो गया था। 

रिपोर्टः शशि कान्त तिवारी, गाजीपुर

ये भी पढ़ेंः बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल

"योगी की पुलिस बहुत मारती है साहब, अब अपराध नहीं करेंगे", एनकाउंटर के बाद आरोपियों का आया जवाब; VIDEO वायरल