1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ में बीच सड़क खौफनाक वारदात, बहस होने पर युवक को कार के बोनट पर घसीटा, वारदात CCTV में हुआ कैद

हापुड़ में बीच सड़क खौफनाक वारदात, बहस होने पर युवक को कार के बोनट पर घसीटा, वारदात CCTV में हुआ कैद

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो कार चालक ने उसकी बाइक को सड़क पर कुछ दूर तक घसीटा।

hapur road rage- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हापुड़ में सड़क पर हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शनिवार रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार कार ने न सिर्फ एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करते हुए बाइक को सड़क पर दूर तक घसीटते हुए फरार हो गया। यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फ्लाई ओवर के पास हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ रोड फ्लाई ओवर के पास की है। शनिवार रात एक युवक अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार काली कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक उछलकर बीच सड़क पर जा गिरा।

कार चालक ने गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की

हैरान करने वाली बात यह रही कि हादसे के बाद जब घायल पीड़ित युवक ने हिम्मत दिखाकर कार चालक को रोकने का प्रयास किया, तो कार सवार ने रुकने के बजाय क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। कार चालक ने युवक और उसकी बाइक पर दोबारा गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। युवक ने फुर्ती दिखाते हुए किसी तरह पीछे हटकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद कार सवार मोटरसाइकिल को नीचे फंसाकर घसीटते हुए मौके से तेजी से भाग निकला।

हादसे के बाद गढ़ रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आस-पास मौजूद राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को संभाला और सड़क पर पड़ी बाइक को किनारे किया। इस दुर्घटना में पीड़ित के पैर और कोहनी में गंभीर चोटें आई हैं। युवक का कहना है कि अगर वह सही समय पर पीछे नहीं हटता, तो कार चालक उसे जान से मार डालता।

हापुड़ पुलिस ने इस पूरे मामले पर क्या कहा?

पीड़ित ने मौके से ही इमरजेंसी नंबर 112 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल न लगने के कारण वह नजदीकी पन्नापुरी पुलिस चौकी पहुंचा और घटना की जानकारी दी। हापुड़ पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वायरल सीसीटीवी फुटेज का संज्ञान लेते हुए कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें:

लखनऊ में रॉन्ग साइड से आ रही कार रोकने पर होमगार्ड से बदसलूकी, युवक ने धक्का देकर जमीन पर गिराया; VIDEO वायरल

दूसरी शादी के दो महीने बाद नर्सिंग असिस्टेंट ने की खुदकुशी, पत्नी, साली और साढ़ू पर गंभीर आरोप, केस दर्ज