A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महाकुम्भ-2025 में स्थापित ICCC और UP पुलिस के Meta Suicidal Alert को मिला SKOCH Gold अवॉर्ड

महाकुम्भ-2025 में स्थापित ICCC और UP पुलिस के Meta Suicidal Alert को मिला SKOCH Gold अवॉर्ड

महाकुम्भ-2025 में स्थापित ICCC और UP पुलिस की सोशल मीडिया सेन्टर के Meta Suicidal Alert को साल 2025 का प्रतिष्ठित SKOCH Gold अवॉर्ड मिला है। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से, एसपी आईसीसीसी अमित कुमार और एडिशनल एसपी (पीआरओ) डीजीपी मुख्यालय राहुल श्रीवास्तव ने 10 जनवरी को दिल्ली में SKOCH Gold पुरस्कार प्राप्त किया।

नई दिल्ली में आयोजित हुआ 105वां SKOCH समिट कार्यक्रम।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली में एसपी आईसीसीसी अमित कुमार और एडिशनल एसपी (पीआरओ) डीजीपी मुख्यालय राहुल श्रीवास्तव को SKOCH Gold अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

महाकुम्भ-2025 में स्थापित ICCC (Integrated Command & Control Centre) एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया सेन्टर की Meta Suicidal Alert से संबंधित अभिनव, तकनीक-आधारित मानवीय पहल को वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित SKOCH अवॉर्ड (श्रेणी-गोल्ड) से सम्मानित किया गया है। एसपी आईसीसीसी अमित कुमार, डीजीपी मुख्यालय के एडिशनल एसपी (पीआरओ) और यूपी पुलिस के सोशल मीडिया प्रमुख राहुल श्रीवास्तव और तत्कालीन एडीजी प्रयागराज जोन भानु भास्कर को दिल्ली में SKOCH गोल्ड पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है तथा वर्ष 2025 में इसका आयोजन “Governing Viksit Bharat” थीम पर किया गया। 

Integrated Command and Control Center (ICCC) क्या है?

महाकुंभ–2025 के आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुचारू संचालन और सुरक्षा के प्रति उत्तर प्रदेश पुलिस की गहरी प्रतिबद्धता के दृष्टिगत ICCC को एक नर्व सेंटर / नियंत्रण हब के रूप में तत्कालीन अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन भानु भास्कर द्वारा विशेषज्ञों की सहायता से विकसित कराया गया, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा अन्य कटिंग-एज टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया ताकि मेले के दौरान जनमानस की सेवा, भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रतिक्रिया, आपातकालीन सेवाएं और इंटर-एजेंसी समन्वय को सर्वोत्तम स्तर पर संचालित किया जा सके। 

महाकुंभ–2025 ICCC ने इन क्षेत्रों में दिया विशिष्ट योगदान-

  • AI-driven प्रणाली के माध्यम से crowd estimation, व्यक्ति-सुरक्षा और यातायात प्रबंधन
  • एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (ICCC) के जरिए 24X7 निगरानी, सिचुएशन रूम, आपातकालीन मॉनिटरिंग और त्वरित निर्णय-निर्धारण
  • डिजिटल-गवर्नेंस एवं स्मार्ट टेक्नोलॉजी के समावेश से श्रद्धालुओं की सहायता के लिए "चैटबॉट/मास मैसेजिंग", ऐप-आधारित सपोर्ट
  • भीड़-प्रबंधन, डीजास्टर-रेडीनेस और विविध एजेंसियों (पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्नि & आपदा प्रबंधन आदि) के बीच बेहतर तालमेल

Meta Suicidal Alert क्या है? 

उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया सेन्टर द्वारा यह पहल Meta कंपनी के सहयोग से विकसित की गई है। इसके अंतर्गत फेसबुक एवं इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आत्महत्या से संबंधित सामग्री पोस्ट किए जाने की स्थिति में Meta द्वारा तत्काल पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल एवं फोन कॉल के माध्यम से अलर्ट भेजा जाता है। पुलिस मुख्यालय में स्थापित 24X7 समर्पित डेस्क, जो यूपी एसटीएफ सर्वर से एकीकृत है, पीड़ित की लोकेशन का त्वरित पता लगाकर संबंधित जनपद को सूचना प्रेषित करती है। तत्पश्चात स्थानीय पुलिस द्वारा पीड़ित एवं उसके परिजनों से संपर्क कर समय रहते सहायता, रेस्क्यू एवं काउंसलिंग प्रदान की जाती है तथा अपने अधिकार-क्षेत्र में रहते हुए पीड़ित की समस्या के समाधान का भी प्रयास किया जाता है। उल्लेखनीय है कि 01 जनवरी 2023 से 31 दिसम्बर 2025 के बीच Meta से प्राप्त 1802 अलर्ट के माध्यम से कुल 1805 व्यक्तियों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। इन बचाए गए 1805 लोगों में से 1389 पुरुष एवं 416 महिलायें शामिल है। 

आयु वर्ग के अनुसार कुल 1805 लोगों का विवरण इस प्रकार है-

13-18 वर्ष आयु वर्ग: 623 व्यक्ति
19-25 वर्ष आयु वर्ग: 905 व्यक्ति
26-35 वर्ष आयु वर्ग: 190 व्यक्ति
35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग: 87 व्यक्ति

आत्महत्या के प्रयास के मामले में कॉउन्सलिंग की नवीन पहल

यह उल्लेखनीय है कि त्वरित हस्तक्षेप के माध्यम से संबंधित व्यक्ति के प्राण की रक्षा तत्समय कर ली जाती है, परन्तु भविष्य में आत्महत्या संबंधी विचारों की पुनरावृत्ति को रोकने हेतु ऐसे व्यक्तियों को निरंतर एवं प्रभावी काउन्सलिंग की आवश्यकता रहती है। उक्त के दृष्टिगत पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा नवीन पहल करते हुए आत्महत्या के प्रयास के समस्त प्रकरणों में जनपदीय मिशन शक्ति केन्द्र एवं 1090 के टेली-कॉउन्सलर के माध्यम से पीड़ित की कॉउन्सलिंग हेतु निर्देश जारी किए गए है।

दिनांक 10 जनवरी 2026 को इंडिया हैबिटैट सेंटर नई दिल्ली में आयोजित 105वें SKOCH समिट कार्यक्रम के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। ICCC Mahakumbh-2025 हेतु SKOCH अवार्ड भानु भास्कर तत्कालीन एडीजी जोन प्रयागराज और अमित कुमार एसपी ICCC को प्रदान किया गया। Meta Suicidal Alert का अवॉर्ड पुलिस महानिदेशक के जनसम्पर्क अधिकारी एवं यूपी पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी राहुल श्रीवास्तव तथा सत्या यादव, डायरेक्टर आउटरीच, साउथ एशिया फेसबुक (मेटा) द्वारा ग्रहण किया गया।

उल्लेखनीय है कि SKOCH Award को शासन, प्रशासन एवं विकास के क्षेत्र में तकनीकी नवाचार एवं उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रदान किया जाने वाला देश का अत्यन्त प्रतिष्ठित स्वतंत्र सम्मान माना जाता है। यह पुरस्कार सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, निजी संगठनों, बैंकों, पुलिस बलों और सामाजिक संस्थाओं को दिया जाता है। यह सम्मान गैर-पक्षपाती, स्वतंत्र और व्यापक मूल्यांकन प्रक्रिया के पश्चात प्रदान किया जाता है, जो भारत में शासन, वित्त, समाज और तकनीकी परिवर्तन की पहल को मान्यता देता है । 

खास बातें- 

  • उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन के प्राणों की रक्षा का अभिनव प्रयोग करने वाली विश्व की प्रथम पुलिस एजेंसी है।
  • SKOCH अवार्ड देश के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक है, जो शासन, प्रशासन एवं विकास के क्षेत्र में तकनीकी नवाचार एवं उत्कृष्ट योगदान हेतु दिया जाता है।
  • नई दिल्ली में आयोजित 105वें SKOCH समिट कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम ‘Governing Viksit Bharat’ है।
  • उत्तर प्रदेश पुलिस देश की एकमात्र ऐसी पुलिस बल है, जिसने SKOCH अवार्ड की दो अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त किए हैं।

Meta Suicidal Alert 2025 के कुछ प्रमुख मामले-

01- दिनांक 07.07.2025 को जनपद प्रतापगढ़ के थाना मांधाता क्षेत्र में एक परिवार द्वारा फेसबुक लाइव के माध्यम से पूरे परिवार सहित आत्महत्या का प्रयास किया गया। उक्त पोस्ट के संबंध में Meta कंपनी से पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल द्वारा अलर्ट प्राप्त हुआ। मुख्यालय द्वारा तत्काल मोबाइल लोकेशन चिन्हित कर जनपद प्रतापगढ़ को दी गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस मात्र 5 मिनट में मौके पर पहुंची, घर का शटर तोड़कर जहरीला पदार्थ सेवन कर चुके परिवार के चारों सदस्यों को सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर कार्रवाई एवं काउंसलिंग के परिणामस्वरूप सभी की जान बचाई जा सकी और एक गंभीर घटना को टाल दिया गया।

02- दिनांक 11.07.2025 को जनपद आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में लगभग 20 वर्षीय युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर दवाइयां खाते हुए “गुड बाय जान” लिखकर पोस्ट किए जाने पर Meta से पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट प्राप्त हुआ। मुख्यालय द्वारा तत्काल लोकेशन चिन्हित कर दी गई सूचना पर स्थानीय पुलिस मात्र 10 मिनट में मौके पर पहुंचकर युवक को उपचार हेतु चिकित्सक के पास ले गई और उसकी जान बचाई गई। पूछताछ में युवक ने बताया कि पारिवारिक गृहक्लेश, आर्थिक दबाव तथा पिता से निरंतर विवाद के कारण वह मानसिक अवसाद में था, इसलिए उसके द्वारा यह कदम उठाया गया था।

03- दिनांक 02.08.2025 को जनपद प्रयागराज के थाना पूरामुफ्ती क्षेत्र में 33 वर्षीय युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर “मैं जहर खा लिया” पोस्ट किए जाने पर Meta से पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट प्राप्त हुआ। मुख्यालय द्वारा तत्काल लोकेशन चिन्हित कर दी गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस मात्र 10 मिनट में मौके पर पहुंची और चूहा मार दवा सेवन कर चुके युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराकर उसके प्राणों की रक्षा की गई। उपचार एवं काउंसलिंग के पश्चात युवक ने बताया कि शादी-विवाह में वेटर का कार्य करता है एवं आर्थिक तंगी के कारण मानसिक अवसाद में उसने ऐसा कदम उठाया था तथा भविष्य में ऐसी गलती न करने का आश्वासन दिया।

04- दिनांक 04.09.2025 को जनपद इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एक लगभग 23 वर्षीय युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर रेलवे ट्रैक पर बैठकर आत्महत्या करने की मंशा दर्शाता संदेश पोस्ट किए जाने पर Meta से पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट प्राप्त हुआ। मुख्यालय द्वारा तत्काल लोकेशन चिन्हित कर दी गई सूचना पर स्थानीय पुलिस मात्र 10 मिनट में मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक पर जा रहे युवक को समय रहते रोक लिया गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान किराया व दैनिक खर्च के लिए धन का कोई स्रोत न होने से वह आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव में उसने ऐसा कदम उठाया था।

05- दिनांक 10.11.2025 को जनपद फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में लगभग 22 वर्षीय युवक द्वारा कपूर की गोली खाने की वीडियो के साथ आत्महत्या की मंशा दर्शाता संदेश इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए जाने पर Meta से पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट प्राप्त हुआ। मुख्यालय द्वारा तत्काल लोकेशन चिन्हित कर दी गई सूचना पर स्थानीय पुलिस मात्र 10 मिनट में मौके पर पहुंची और गंभीर अवस्था में युवक को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि फाइनेंस कंपनी से लिए गए ऋण की वापसी के दबाव के कारण उसने मानसिक अवसाद में ऐसा कदम उठाया था।