1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बसपा में फिर बड़ा बदलाव, आनंद कुमार की जगह इस नेता को बनाया गया नया नेशनल कोऑर्डिनेटर, मायावती ने बताई वजह

बसपा में फिर बड़ा बदलाव, आनंद कुमार की जगह इस नेता को बनाया गया नया नेशनल कोऑर्डिनेटर, मायावती ने बताई वजह

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में कई परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। मायावती ने भाई आनंद कुमार से नेशनल कोऑर्डिनेटर पद की जिम्मेदारी वापस ले ली है और इसकी वजह भी बताई है।

mayawati- India TV Hindi
Image Source : PTI मायावती

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में बीते कुछ समय से लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। हालही में मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर पद समेत सभी पदों से हटा दिया था और आकाश के उत्तराधिकारी होने की बात को भी खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने आकाश आनंद को बसपा से भी निकाल दिया था। इस दौरान मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार को नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया था।

अब आनंद कुमार से भी वापस ली नेशनल कोऑर्डिनेटर पद की जिम्मेदारी

आकाश आनंद का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि अब मायावती ने भाई आनंद कुमार से भी बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर पद की जिम्मेदारी वापस ले ली। मायावती के भाई आनंद कुमार अब बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर नही होंगे। हालांकि आनंद बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने रहेंगे। मायावती ने रणधीर बेनीवाल को नया नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया है।

मायावती ने X पर पोस्ट कर कहा, 'काफी लम्बे समय से निस्वार्थ सेवा व समर्पण के साथ कार्यरत बीएसपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनन्द कुमार, जिन्हें अभी हाल ही में नेशनल कोआर्डिनेटर भी बनाया गया था, उन्होंने पार्टी व मूवमेन्ट के हित के मद्देनज़र एक पद पर रहकर कार्य करने की इच्छा व्यक्त की है, जिसका स्वागत है। ऐसे में आनन्द कुमार पहले की ही तरह बीएसपी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए सीधे मेरे दिशा-निर्देशन में पूर्ववत अपनी जिम्मेदारियों को निभाते रहेंगे और अब उनकी जगह यूपी के जिला सहारनपुर निवासी रणधीर बेनीवाल को नेशनल कोआर्डिनेटर की नई जिम्मेदारी दी गई है। इस प्रकार, अब श्री रामजी गौतम, राज्यसभा सासंद व रणधीर बेनीवाल ये दोनों बीएसपी नेशनल कोआर्डिनेटर के रूप में सीधे तौर पर मेरे दिशा-निर्देशन में देश के विभिन्न राज्यों की जिम्मेदारियों को संभालेंगे। पार्टी को उम्मीद है कि ये लोग पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।'

अपने फैसलों की वजह से मायावती पिछले कुछ समय से चर्चाओं में बनी हुई हैं।