1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में जहरीले सांप ने बेड पर सो रहे मां-बेटे को डसा, हेलमेट के फोम के अंदर छिपा था, बेटे की मौत

यूपी में जहरीले सांप ने बेड पर सो रहे मां-बेटे को डसा, हेलमेट के फोम के अंदर छिपा था, बेटे की मौत

यूपी में जहरीले सांप ने बेड पर सो रहे मां-बेटे को डस लिया। इस घटना में बेटे की मौत हो गई है और मां की हालत गंभीर है। परिवार में रोष का माहौल है।

Maharajganj- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT महाराजगंज से एक चौंकाने वाली घटना

महाराजगंज: यूपी के महाराजगंज से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां बेड पर सो रहे मां-बेटे को एक जहरीले सांप ने डस लिया। इस घटना में बेटे की मौत हो गई और मां को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल घर में रखे हेलमेट के फोम के अंदर एक जहरीला सांप छिपा था और 11 साल का बेटा अपनी मां के साथ बेड पर सो रहा था। इसी दौरान सांप ने बेटे की उंगली में काट लिया। बेटे की चीखने की आवाज सुनकर मां ने सांप को खींचा तो सांप ने मां के गाल में भी डस लिया।

झाड़-फूक के चक्कर में पड़े परिजन

सांप द्वारा मां-बेटे को काटने की घटना के बाद पीड़ित के परिजन उन्हें लेकर गाजीपुर सती माता के मंदिर पहुंचे। इस बीच 11 साल के अर्पित की मौत हो गई। मृत बेटे के शव को लेकर परिजन निराश लौटे तो मां की तबीयत बिगड़ी। मां को अब नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों ने वन्यजीव रक्षक को बुलाया

ग्रामीणों ने वन्यजीव रक्षक को बुलाया और घर में रखे हेलमेट के अंदर फॉम में छिपे विषैले सांप को पकड़ लिया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला महाराजगंज के चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी का है।

सांप कितना खतरनाक होते हैं?

सांपों के बारे में हैरान करने वाली बात ये है कि ज्यादातर सांप इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होते क्योंकि वह जहरीले नहीं होते हैं। माना जाता है कि 4 हजार में से करीब 600 सांप की प्रजातियां ही जहरीली होती हैं। लेकिन इंसानों के लिए सबसे ज्यादा खतरा करीब 200 प्रजातियां पैदा करती हैं। 

जिन सांपों में जहर नहीं होता, अगर वह किसी इंसान को काटते हैं तो भी इंसान को कोई खास असर नहीं पड़ता। मौत का खतरा तो न के बराबर होता है। भारत में सांप के काटने से हर साल ज्यादातर मौतें ग्रामीण इलाकों में होती हैं, जहां समय पर अस्पताल और एंटीवेनम (सांप का जहर रोधी दवा) नहीं मिल पाता। 

भारत में सबसे खतरनाक सांप-

  • कॉमन क्राइट (करैत)
  • इंडियन कोबरा
  • सॉ-स्केल्ड वाइपर (फुंसी सांप)

इससे पहले झारखंड में जहरीले सांप ने दोनों भाई-बहन को डस लिया। इसमें दोनों की जान चली गई।  (रिपोर्ट- विनय कुमार नायक)

ये भी पढ़ें-

सांप ने डंसा, गर्लफ्रेंड तड़पती रही... बदनामी के डर से सड़क पर छोड़कर भाग गया बॉयफ्रेंड, हुई मौत