गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक बुजुर्ग के साथ मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनके घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बनाकर जानलेवा हमला किया गया है। इस मामले में पीड़िता साक्षी ठाकुर ने मोदीनगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
मोदीनगर के सुचेतापुरी इलाके में बुज़ुर्ग के साथ मारपीट का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत के अनुसार, आज (30 जून) सुचेतापुरी निवासी दबंग सचिन जिंदल और शरद जिंदल पीड़िता के घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़िता साक्षी, उनकी माता राधा देवी और पिता कृष्णवीर को उनके ही घर में बंधक बना लिया। आरोप है कि दबंगों ने जान से मारने की नीयत से पीड़िता के पिता के मुंह में पिस्तौल डाल दी और उनके साथ जमकर मारपीट की और जबरन पैसों की मांग करने लगे।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित परिवार ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई और वहां से निकले। इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है जिसमें आरोपी पीड़िता के पिता को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। (रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)
हालही में बिल्डर के ऑफिस के बाहर चली थी गोली
गाजियाबाद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और क्राइम से जुड़ी खबरें लगातार सामने आ रही हैं। हालही में गाजियाबाद में एक बिल्डर के ऑफिस के बाहर फायरिंग हुई थी। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में 20 जून को देर रात एक स्थानीय बिल्डर के ऑफिस पर अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी की थी। ये पूरी घटना भी सीसीटीवी में कैद हो गई थी। हालांकि इस घटनाक्रम में किसी को गोली नहीं लगी थी। ऐसे में ये अंदेशा लगाया था कि हमलावरों ने बिल्डर के ऑफिस के बाहर फायरिंग डराने के उद्देश्य से की होगी।
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था क्योंकि हमलावरों ने दिन दहाड़े फायरिंग की थी। अपराधियों के बुलंद हौसलों को देखते हुए लोग पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े रहे हैं कि आखिर अपराधियों के बीच पुलिस का खौफ क्यों नहीं रह गया है?
ये भी पढ़ें-
बेटी पर गंदी नजर डालने वाले लिव-इन पार्टनर को मारकर पंखे से लटकाया, गाजियाबाद में 2 सगी बहनें गिरफ्तार