1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आजम खान के मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट पर लटकी रजिस्ट्रेशन रद्द होने की तलवार! मिलीं बड़ी वित्तीय अनियमितताएं, आयकर विभाग ने भेजा नोटिस

आजम खान के मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट पर लटकी रजिस्ट्रेशन रद्द होने की तलवार! मिलीं बड़ी वित्तीय अनियमितताएं, आयकर विभाग ने भेजा नोटिस

Mohammad Ali Jauhar Trust News: रामपुर के मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट की परेशानी बढ़ गई है क्योंकि उसे अब आयकर विभाग की तरफ से नोटिस मिला है। बड़ी वित्तीय अनियमितताएं मिलने के बाद IT डिपार्टमेंट ने ये नोटिस जारी किया है।

रामपुर में मोहम्मद...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT रामपुर में मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को आयकर विभाग का नोटिस मिला है।

Jauhar Trust Notice: यूपी के रामपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती दिखाई दे रही हैं। दरअसल, आजम खान के मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को आयकर विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान ट्रस्ट में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं पाई गई हैं।

वित्तीय लेन-देन और खातों से संबंधित स्पष्टीकरण मांगा

सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग ने ट्रस्ट से विभिन्न वित्तीय लेन-देन और खातों से संबंधित स्पष्टीकरण मांगा है। अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो ट्रस्ट का पंजीकरण निरस्त किए जाने की कार्रवाई भी की जा सकती है। आयकर विभाग कथित रूप से मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को मिली दान राशि, उसके उपयोग और वित्तीय रिकॉर्ड से जुड़े कागजात की भी गहन जांच कर रहा है।

पहले भी विवादों में रहा ट्रस्ट और विश्वविद्यालय

गौरतलब है कि इसी ट्रस्ट के तहत रामपुर में मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी संचालित की जाती है। विश्वविद्यालय और ट्रस्ट पहले भी भूमि आवंटन, प्रशासनिक एवं कानूनी मामलों को लेकर विवादों में रहे हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी ट्रस्ट से जुड़े कई मामले सुनवाई में रह चुके हैं।

ट्रस्ट के प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों पर पड़ सकता है असर

अगर आयकर विभाग की कार्रवाई आगे बढ़ती है तो इसका असर ट्रस्ट के प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों पर पड़ सकता है। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की निगाहें इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की अगली कार्रवाई और ट्रस्ट की तरफ से दिए जाने वाले जवाब पर टिकी हुई हैं।

कानूनी विकल्प पर भी विचार कर सकता है ट्रस्ट

सियासी और प्रशासनिक हलकों में भी आयकर विभाग के इस नोटिस को लेकर चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि अगर जांच में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की पुष्टि हो जाती है तो इसका असर सिर्फ ट्रस्ट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उससे संबंधित संस्थानों की कार्यप्रणाली पर भी हो सकता है। वहीं, मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े लोग पूरे केस में कानूनी विकल्पों के बारे में भी विचार कर सकते हैं।

(इनपुट- सय्यद आमिर)

ये भी पढ़ें- अब्दुल्ला आजम को दो पासपोर्ट मामले में 7 साल की सजा रद्द; जानिए ये उनके लिए कितनी बड़ी राहत