बिहार की राजधानी पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। इस घटना में विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। जब विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी बिजली गिरी, जिससे विमान का अगला हिस्सा यानी नोज डैमेज हो गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
घटना के बाद विमान की लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में 104 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। विमान निर्धारित समय से करीब 8 मिनट पहले लखनऊ पहुंचा। भारत के विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विमान को नियामक की मंजूरी मिलने के बाद ही दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।
लैंडिंग के दौरान इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छूटा
इससे पहले, गुवाहाटी से बेंगलुरु आ रहे इंडिगो के एक विमान का पिछला हिस्सा दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान रनवे से छू गया। घटना के बाद विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे। इंडिगो ने एक बयान में बताया था कि गुवाहाटी-बेंगलुरु उड़ान भरने वाला विमान केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज हवाओं के बीच लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराया। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया।
एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि घटना के बाद विमान की रखरखाव संबंधी जांच की जा रही है। आवश्यक जांच और नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन में शामिल किया जाएगा। यह इंडिगो के A321 विमान से जुड़ी पहली ऐसी घटना नहीं थी। इससे पहले भी देश के अलग-अलग हवाई अड्डों पर इंडिगो के विमानों के पिछले हिस्से के रनवे से छूने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
गोवा में इंडिगो के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले, गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद हवा में ही फुल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। विमान में 229 यात्री सवार थे। पायलटों ने मानक संचालन प्रक्रिया के तहत विमान को वापस मोड़कर गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया।
ये भी पढ़ें-
शेयर बाजार में बंपर रिटर्न का दिया झांसा, 32 करोड़ का मुनाफा दिखाकर रिटायर्ड अफसर से 5.10 करोड़ की ठगी; 2 गिरफ्तार
"तमिलनाडु खून के दलदल में फंस गया", स्टालिन का CM विजय पर हमला, कहा- फिल्म शूटिंग मोड से बाहर निकलें