1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर हुआ ऐसा विवाद, दिनदहाड़े दो पक्षों में चली गोली, अलीगढ़ में 2-3 राउंड की फायरिंग से हड़कंप-VIDEO

इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर हुआ ऐसा विवाद, दिनदहाड़े दो पक्षों में चली गोली, अलीगढ़ में 2-3 राउंड की फायरिंग से हड़कंप-VIDEO

दिनदहाड़े मार्केट एरिया में गोली चलने से हड़कंप मच गया। मौके पर दुकानदारों की भीड़ लग गई और सड़क से गुजर रहे लोग भी इकट्ठा हो गए। इस गोलीबारी की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

गोलीबारी का सामने आया सीसीटीवी वीडियो- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गोलीबारी का सामने आया सीसीटीवी वीडियो

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र स्थित सुरक्षा विहार में अतुल डेयरी पर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा पाया गया है।

दबिश के लिए बनाई गई टीम

पुलिस के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौके पर एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

स्थानीय लोगों ने बताया कि वह अपने दोस्त अतुल की डेयरी पर बैठा था, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने पहले हवाई फायर किया, फिर सीधे उनकी ओर 2-3 राउंड फायरिंग की। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद बताई जा रही है।

दुकानदारों ने बंद किए अपने-अपने शटर

फायरिंग करने वाले युवक सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर बदमाशी से जुड़े वीडियो डालते हैं। उसी को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना स्थल पर दुकानदारों की भीड़ लग गई। वहीं, कई दुकानदारों ने एहतियातन शटर बंद कर दिए।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से भय का माहौल पैदा हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

अलीगढ़ से प्रदीप की रिपोर्ट