A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेमिका की शादी पर लवर ने बीच सड़क पर किया हाईवोल्टेज ड्रामा, देखें वायरल वीडियो

प्रेमिका की शादी पर लवर ने बीच सड़क पर किया हाईवोल्टेज ड्रामा, देखें वायरल वीडियो

जालौन में बीच सड़क पर तब हंगामा मच गया जब प्रेमी अपनी प्रेमिका की शादी के दिन उसके घर पहुंच गया। फिर क्या था घर-परिवार के लोग इकट्ठा हो गए और बवाल मच गया।

jalaun lovers drama- India TV Hindi
Image Source : REPORTER'S INPUT प्रेमिका की शादी पर प्रेमी ने बीच सड़क पर किया बवाल।

जालौन: यूपी के जालौन में बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। जालौन जिले के उरई कोतवाली क्षेत्र के बघौरा बाईपास पर लड़की और लड़का, दोनों पक्ष के लोग जमा हो गए और काफी देर तक बहस करते रहे। जानकारी के अनुसार, युवक अपनी प्रेमिका की शादी वाले दिन उसके घर पहुंच गया था। वहां पहले कहासुनी हुई और फिर मामला बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें लड़के के साथ मारपीट होती दिख रही है।

लड़की के परिजनों से हुई नोकझोंक

बता दें कि घटना के दौरान प्रेमी और लड़की के परिजनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। बताया जा रहा है कि प्रेमी किसी भी हाल में लड़की की शादी रुकवाना चाहता था। ये मामला घर से निकलकर बीच चौराहे तक पहुंच गया और उन्हें देखकर अन्य लोगों की भीड़ भी इकट्ठा होने लगी। दोनों पक्षों के बीच घंटों तक विवाद चलता रहा।

साथ चलने की बात पर अड़ा प्रेमी

इसी दौरान किसी ने इस हंगामे को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में प्रेमी लगातार लड़की से साथ चलने की बात करता दिख रहा है, जबकि लड़की के परिजन उसे समझाने और हटाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, बाद में इस मामले की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और किसी तरह विवाद को शांत कराया। हालांकि फिलहाल इस पूरे मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

शादी में क्यों रोड़ा बना युवक?

युवक का कहना था कि वह अपनी प्रेमिका से बहुत प्यार करता है। वह अपनी आखों के सामने उसे किसी और का होते हुए नहीं देख सकता है। उसके रहते हुए प्रेमिका की शादी किसी और से हो जाए, ये मुमकिन नहीं है। वायरल वीडियो में प्रेमिका भी प्रेमी के साथ खड़ी दिख रही है। जब भी कोई परिजन लड़के को मारने की कोशिश करता तो वह रोने लगती थी।

(इनपुट- वरुण द्विवेदी)