जवारे चढ़ाने के लिए मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा सोमवार को हादसे में बदल गई। उत्तर प्रदेश के जालौन में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 20 लोग घायल हो गए। ट्रॉली पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाए और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
यह दुर्घटना नदीगांव थाना क्षेत्र में सदुपुरा-कनासी मार्ग पर खैराई और कनासी गांव के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक, कैलिया खुर्द गांव निवासी ग्याप्रसाद जाटव के यहां 9 दिनों तक जवारे की पूजा-अर्चना की गई थी। नवमी के मौके पर जवारे चढ़ाने के लिए परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और अन्य श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से कोटरा स्थित अक्षरा देवी मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर चला रहा ब्रजेन्द्र वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में सवार लोग अचानक हुए इस हादसे से संभल नहीं पाए। कई श्रद्धालु उसके नीचे दब गए, जबकि कुछ को चोटें आईं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
हादसे में शारदा, अन्नू, पूजा, इंदल सिंह, दीपराज, लवलेश, अनुष्का, मालती, हर्षित, अलका, मुस्कान, पूनम, सुमित और प्रगति समेत कई श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या भी काफी है। दुर्घटना में कुछ लोगों को गंभीर चोटें आने की जानकारी है। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलने पर SDM अभिनव कुमार, CO परमेश्वर प्रसाद और नदीगांव थानाध्यक्ष राजकुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। श्रद्धालुओं की यात्रा के दौरान हुए इस हादसे से उनके परिवारों में चिंता का माहौल है।
(रिपोर्ट: वरुण द्विवेदी)
यह भी पढ़ें:
दोस्त की पत्नी से करना चाहता था शादी, 2 लाख रुपय की सुपारी देकर मरवाया; 2 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए
बुजुर्ग को खींचकर पानी में ले गया मगरमच्छ, 24 घंटे बाद नदी किनारे मिला शव; देखें VIDEO