1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: 13 बेखौफ गुंडों ने केबिन में घुसकर डॉक्टर को बुरी तरह पीटा, दिनदहाड़े हॉस्पिटल में मचा हड़कंप, सामने आया CCTV

यूपी: 13 बेखौफ गुंडों ने केबिन में घुसकर डॉक्टर को बुरी तरह पीटा, दिनदहाड़े हॉस्पिटल में मचा हड़कंप, सामने आया CCTV

यूपी के झांसी में 13 गुंडों ने हॉस्पिटल के अंदर घुसकर डॉक्टर से बुरी तरह मारपीट की है। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे ये गुंडे बिना किसी डर के डॉक्टर को उसके केबिन के अंदर पीट रहे हैं।

Jhansi - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT झांसी के संजीवनी हॉस्पिटल के अंदर डॉक्टर मनदीप को पीटते गुंडे

झांसी: यूपी के झांसी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के संजीवनी हॉस्पिटल के अंदर 13 गुंडे दिनदहाड़े घुसे और डॉक्टर के केबिन में घुसकर उनसे बुरी तरह मारपीट की। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे बिना किसी डर के 13 गुंडे हॉस्पिटल के अंदर घुसते हैं और सीधे डॉक्टर के केबिन में जाकर मारपीट करना शुरू कर देते हैं।

क्या है पूरा मामला? 

झांसी के संजीवनी हॉस्पिटल में दिनदहाड़े डॉक्टर के साथ मारपीट हुई है। डॉक्टर की पहचान मनदीप के रूप में हुई है। 13 नकाबपोश गुंडों ने हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर मनदीप की पिटाई की है। इसका सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। 

सीसीटीवी में दिख रहा है कि नकाबपोश गुंडे बड़ी संख्या में दिनदहाड़े हॉस्पिटल में घुसते हैं। उन्हें देखकर हॉस्पिटल में मौजूद मरीज और अन्य स्टाफ के लोग डर जाते हैं। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, ये गुंडे डॉक्टर के केबिन में घुसते हैं। इस दौरान डॉक्टर अपने फोन पर किसी से बात कर रहे होते हैं। लेकिन गुंडे केबिन के अंदर घुसते ही डॉक्टर से मारपीट शुरू कर देते हैं और उन्हें सामने पड़ी टेबल पर गिरा देते हैं।

हमलावर गुंडों ने इस कांड को बड़ी साजिश के तहत अंजाम दिया है। वह अपने चेहरे ढंककर आए थे क्योंकि उन्हें इस बात की भनक थी कि हॉस्पिटल के अंदर चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी लगा हुआ है। वह हमला भी करना चाहते थे और कैमरे में अपने चेहरों की पहचान भी नहीं आने देना चाहते थे। 

अचानक हुई इस घटना से हॉस्पिटल परिसर में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में डॉक्टर मनदीप को चोटें आई हैं और उनका कहना है कि ऐसे माहौल में वह कैसे मरीजों का इलाज कर सकते हैं? जब वह खुद ही सुरक्षित नहीं हैं।