1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिव्य दरबार लगाने वाले काली सरकार की खुली पोल, बाबा के चोले में छिपा निकला लूट का आरोपी, झांसी से गिरफ्तार

दिव्य दरबार लगाने वाले काली सरकार की खुली पोल, बाबा के चोले में छिपा निकला लूट का आरोपी, झांसी से गिरफ्तार

झांसी के मऊरानीपुर में मंदिर की आड़ में 'काली सरकार' के नाम से दिव्य दरबार लगाने वाले फर्जी बाबा का भेष उजागर। हरदोई पुलिस ने सालों से फरार लूट के आरोपी को किया गिरफ्तार।

Kali Sarkar- India TV Hindi
Image Source : PTI काली सरकार की खुली पोल

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऐसे शातिर शख्स को गिरफ्तार किया है जो साधु-संत का चोला ओढ़कर लंबे समय से छिपकर रह रहा था। खास बात यह है कि यह तथाकथित बाबा सोशल मीडिया पर काफी मशहूर था और अपनी हरकतों से लोगों को बेवकूफ बना रहा था। आरोपी की पहचान प्रदीप शुक्ला उर्फ काली सरकार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह मऊरानीपुर के कुरैंचा गांव स्थित काली माता मंदिर में अपनी पहचान बदलकर संत के रूप में रह रहा था।

मंदिर में छिपकर बैठा था काली सरकार

झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के कुरैंचा गांव में एक काली माता का मंदिर है। इसी मंदिर में एक शख्स पिछले कुछ सालों से अपनी पहचान बदलकर रह रहा था। लोग उसे सत्यानंद शुक्ला या काली सरकार के नाम से जानते थे। बाबा जी ने मंदिर को अपना ठिकाना बनाया हुआ था और वहां बकायदा 'दिव्य दरबार' सजाते थे।

बीमारियां भगाने का झूठा दावा करता था फर्जी बाबा

यह फर्जी बाबा अपने दरबार में आने वाले लोगों से बड़े-बड़े दावे करता था। वह लोगों की बीमारियां ठीक करने और उनकी हर तरह की समस्याओं का चुटकियों में समाधान करने का ढोंग रचता था। भोले-भाले लोग उसकी बातों में आ जाते थे। इतना ही नहीं, यह बाबा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव था। इंस्टाग्राम पर इसके एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जो इसके वीडियो और रील्स देखकर इसके झांसे में फंसते चले जा रहे थे।

असलियत खुली तो उड़ गए होश: निकला लूट का आरोपी

असल में, यह चमक-धमक और भक्ति का दिखावा सिर्फ पुलिस की नजरों से बचने का एक नाटक था। इस तथाकथित काली सरकार का असली नाम प्रदीप शुक्ला है और यह हरदोई जिले का रहने वाला है। हरदोई पुलिस को इस शख्स की तलाश कई सालों से थी। इसके खिलाफ साल 2014 में लूट का और 2018 में मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। कोर्ट में बार-बार पेश न होने की वजह से अदालत ने इसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी कर रखा था। पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई थी कि तभी इसके झांसी में छिपे होने की पक्की खबर मिल गई।

पुलिस की कार्रवाई में पकड़ा गया बाबा

जब हरदोई पुलिस को यह सुराग मिला कि उनका वांटेड आरोपी झांसी के एक मंदिर में काली सरकार बनकर मजे से रह रहा है, तो हरदोई और मऊरानीपुर की पुलिस ने मिलकर एक साझा ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने मंदिर पर दबिश दी और इस फर्जी संत को धर दबोचा। मऊरानीपुर के सीओ रत्नेश्वर सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कैसे कुछ लोग धर्म और आस्था की आड़ में कानून की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश करते हैं, लेकिन आखिरकार कानून के हाथ लंबे ही होते हैं।

झांसी से आकाश राठौड़ की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

मगरमच्छ ने जबड़े में दबोचा… जान की परवाह किए बिना नदी में कूद पड़े 2 भाई, फिर जो हुआ वो फिल्मों जैसी कहानी है

मेरठ: हिंदू मॉडल को शादी का झांसा देकर 11 साल तक किया शोषण, अब धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव