1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कन्नौज में छात्रा का अपहरण कर खिलाई चूहेमार दवा, सड़क किनारे फेंका, इलाज के दौरान मौत, मृतका ने लिए 3 नाम

कन्नौज में छात्रा का अपहरण कर खिलाई चूहेमार दवा, सड़क किनारे फेंका, इलाज के दौरान मौत, मृतका ने लिए 3 नाम

पीड़िता ने इलाज के दौरान एक वीडियो बनाया। इस वीडियो में पीड़िता ने अपने प्रेमी, बहनोई और भांजे का नाम लिया है। पुलिस की टीम अब इन लोगों को गिरफ्तारी में जुटी हुई है।

मृतक लड़की के परिवार में पसरा मातम- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक लड़की के परिवार में पसरा मातम

कन्नौज में 19 वर्षीय स्नातक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा का अपहरण कर उसे एटा ले जाया गया और वहां चूहेमार दवा खिलाने के बाद छिबरामऊ के पास सड़क किनारे मरणासन्न हालत में छोड़ दिया गया। छात्रा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।

घर से निकली थी मार्कशीट लेने

जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली छात्रा 18 सितंबर को मार्कशीट लेने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन कुसुमखोर पुलिस चौकी और सदर कोतवाली पहुंचे और छात्रा के लापता होने की जानकारी दी। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की और कई दिनों तक उन्हें टरकाया जाता रहा।

सड़क किनारे मरणासन्न हालत में मिली पीड़िता

इसके बाद 20 सितंबर की दोपहर छात्रा छिबरामऊ के पास सड़क किनारे मरणासन्न हालत में मिली। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज, तिर्वा लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।

पीड़िता ने प्रेमी, बहनोई और भांजे का लिया नाम

इलाज के दौरान छात्रा ने कथित तौर पर एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में परिजनों को जानकारी दी और अपने प्रेमी, उसके बहनोई और भांजे के नाम बताए। परिजनों का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने छात्रा का अपहरण किया और उसे चूहेमार दवा खिलाकर सड़क किनारे फेंक दिया।

इलाज के दौरान पीड़िता ने तोड़ा दम

वीडियो सामने आने के कुछ घंटे बाद सोमवार दोपहर करीब 12 बजे छात्रा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच और छात्रा द्वारा बताए गए आरोपों की पुष्टि में जुटी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता की मौत के बाद परिजनों के घर पर मातम पसरा हुआ है। रो-रोकर बुरा लोगों का हाल है। 

कन्नौज से सुरजीत की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

कानपुर में खौफनाक वारदात: घर से निकले कारोबारी की निर्मम हत्या, सड़क पर मिला धड़ तो 12 फीट दूर गड्ढे में तैरता मिला सिर