1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मां के साथ सो रहे 2 साल के मासूम को सांप ने डसा, सीने पर बैठा देख चीख पड़ी मां; बच्चे की मौत

मां के साथ सो रहे 2 साल के मासूम को सांप ने डसा, सीने पर बैठा देख चीख पड़ी मां; बच्चे की मौत

सांप के काटने से दो साल के मासूम अंश की मौत हो गई। वह अपनी मां के साथ चारपाई पर सो रहा था, तभी सांप ने उसके कान के पीछे डस लिया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PEXELS.COM प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के टिकरी गौरवा गांव में सांप के काटने से दो साल के मासूम की मौत हो गई। बच्चा अपनी मां के साथ चारपाई पर सो रहा था,तभी सांप ने उसके कान के पीछे डस लिया। दर्द से उसकी चीख निकली तो मां की नींद खुल गई। लाइट जलाकर देखा तो सांप बच्चे के सीने पर बैठा था। यह देखकर मां चीख पड़ी। परिवार के लोगों ने डंडे की मदद से सांप को हटाया और बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

मां के साथ सो रहा था अंश, चीख सुनकर खुली नींद

टिकरी गौरवा गांव निवासी शिव नारायण किसान हैं। उनके तीन बेटे राकेश, उमेश और दिनेश हैं। राकेश गुजरात की एक धागा फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि उमेश और दिनेश खेती में पिता का हाथ बंटाते हैं। राकेश के तीन बेटे प्रिंश, हिमांशु और अंश हैं। अंश अभी महज दो साल का था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 12 बजे परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। अंश अपनी मां भूरी के साथ चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान सांप ने उसके कान के पीछे काट लिया। दर्द से बच्चा जोर-जोर से चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर मां की नींद खुल गई।

बच्चे के सीने पर बैठा था सांप, डंडे से हटाया

मां ने लाइट जलाकर देखा तो सांप अंश के सीने पर बैठा था। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर परिवार के दूसरे सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने सांप को हटाने की कोशिश की, लेकिन वह काफी देर तक नहीं हटा। इसके बाद डंडे की मदद से सांप को बच्चे के सीने से अलग किया गया। सांप के काटने से अंश की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे आनन-फानन घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पोते का शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे दादा, फफक पड़े

रविवार शाम करीब 5:30 बजे परिजन मासूम का शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पोते की मौत से बुजुर्ग दादा शिव नारायण पूरी तरह टूट गए। वह शव को हाथों में लेकर रोते रहे। बेटे राकेश के गुजरात से घर लौटने की बात सोचकर उनकी आंखों से आंसू थम नहीं रहे थे। वह वहां मौजूद लोगों से बार-बार कह रहे थे, साहब, सांप काट लिहिस है। जल्दी करि देव, बेटा घर आ रहा है... का जवाब देबे?  बेटे को क्या जवाब देंगे, यह सवाल उन्हें अंदर तक झकझोर रहा था। नाती की मौत के गम और बेटे को यह दुखद खबर बताने की चिंता के बीच उनकी बेबसी देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर रविवार सुबह सजेती थाने की पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि देर रात सांप के काटने से मासूम की मौत होने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

दोस्त की पत्नी से करना चाहता था शादी, 2 लाख रुपय की सुपारी देकर मरवाया; 2 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए

बुजुर्ग को खींचकर पानी में ले गया मगरमच्छ, 24 घंटे बाद नदी किनारे मिला शव; देखें VIDEO