1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में खौफनाक वारदात: घर से निकले कारोबारी की निर्मम हत्या, सड़क पर मिला धड़ तो 12 फीट दूर गड्ढे में तैरता मिला सिर

कानपुर में खौफनाक वारदात: घर से निकले कारोबारी की निर्मम हत्या, सड़क पर मिला धड़ तो 12 फीट दूर गड्ढे में तैरता मिला सिर

कानपुर के बिल्हौर में मंगलवार सुबह 45 वर्षीय कारोबारी राज किशोर पटवा की गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी गई, जिनका सिरकटा शव सड़क पर और कटा हुआ सिर 12 फीट दूर गड्ढे में मिला। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Kanpur Murder - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में खौफनाक वारदात: कारोबारी का सिर काटकर 12 फीट दूर गड्ढे में फेंका

उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिल्हौर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास एक युवक का सिर कटा शव सड़क पर पड़ा मिला। शव के हालात देखकर देखने वाले सकते में आ गए क्योंकि शव से सिर गायब था और पास में उसकी साइकिल पड़ी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में तलाशी शुरू कर दी गई। करीब एक घंटे की खोज के बाद धड़ से लगभग 10-12 फीट दूर पानी भरे गड्ढे में कटा हुआ सिर बरामद हुआ। सिर मिलने के बाद मृतक की पहचान बिल्हौर के वैष्णव नगर निवासी राज किशोर पटवा के रूप में हुई।

घर से साइकिल लेकर निकले थे राज किशोर

मूलरूप से देवहा गांव के रहने वाले राज किशोर पटवा वर्तमान में बिल्हौर कस्बे के वैष्णव नगर मोहल्ले में पत्नी मधु और तीन बेटियों शुभी, अंशी व नैंसी के साथ रहते थे। परिवार के मुताबिक राज किशोर महिलाओं के श्रृंगार से जुड़ी चीजों का कारोबार करते थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे वह साइकिल से देवहा गांव जाने की बात कहकर घर से निकले थे। करीब एक घंटे बाद उनकी हत्या की खबर परिवार तक पहुंची।

सड़क पर पड़ा था धड़

खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास ग्रामीणों ने सड़क पर सिर कटा शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। शव के पास ही राज किशोर की साइकिल पड़ी थी। कुछ दूरी पर उनकी शर्ट का फटा हुआ कॉलर और अंगौछा भी मिला। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

करीब एक घंटे की तलाश के बाद मिला सिर

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद धड़ से लगभग 10-12 फीट दूर पानी से भरे गड्ढे में कटा हुआ सिर बरामद हुआ। सिर मिलने के बाद परिवार के लोगों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। 

धारदार हथियार से गर्दन काटने की आशंका

पुलिस की प्राथमिक जांच में धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान और आसपास के इलाके की भी जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है।

DSP और SP ने मौके पर पहुंचकर जांच की

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी एसएम कासिम आबिदी और एसीपी अंकित कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से अब तक की जांच की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। डीसीपी एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

(कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

यूपी के ढाबे पर थूककर रोटी बना रहा था युवक महताब, बवाल कटने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार