1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: दुकानदार को कार से टक्कर मारकर 50 मीटर तक घसीटा, तोड़ डाला पैर; CCTV में कैद हुई वारदात

VIDEO: दुकानदार को कार से टक्कर मारकर 50 मीटर तक घसीटा, तोड़ डाला पैर; CCTV में कैद हुई वारदात

Man Hit By Car Kanpur: कानपुर में एक युवक ने कथित रूप से नशे की हालत में दुकानदार पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसका वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

kanpur car dragging incident- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT कानपुर में कार से टक्कर मारकर घसीटा।

Kanpur Car Dragging Incident: यूपी में कानपुर के चकेरी इलाके में रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने नशे की हालत में एक युवक के साथ इतनी क्रूर घटना को अंजाम दिया है कि देखने वाले भी दहल गए। आरोपी ने फास्ट फूड दुकानदार ध्रुमित पांडेय को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से जोरदार टक्कर मारी। युवक बोनट पर फंस गया और आरोपी उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान युवक चीखता रहा लेकिन आरोपी ने रुकने का नाम नहीं लिया।

कार चढ़ाने से पहले खुलेआम दी धमकी

ये घटना बीते 4 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे सजारी क्षेत्र में हुई बताई जा रही है, जब बारिश के बीच ध्रुमित पांडेय और उनके भाई मनीष पांडेय दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। मनीष पांडेय के अनुसार, मोहित उर्फ रोहित नाम का युवक नशे में धुत था। वह स्विफ्ट डिजायर कार से आया और लगातार हॉर्न बजाते हुए बदतमीजी करने लगा। जब लोगों ने विरोध जताया तो आरोपी भड़क गया, गाली-गलौज की और खुलेआम धमकी दी।

कार से टक्कर मारकर 50 मीटर तक घसीटा

फिर विरोध बढ़ने पर आरोपी ने कार घुमाई और सीधे ध्रुमित पांडेय पर चढ़ा दी। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि युवक कार के बोनट पर फंस गया। आरोपी ने गाड़ी तेज रफ्तार से दौड़ाई और युवक को 50 मीटर तक घसीटता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरी वारदात को मोबाइल पर कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक की तकलीफ साफ दिख रही है।

पीड़ित के पैर में कई जगह हुआ फ्रैक्चर

घटना के बाद मनीष पांडेय ने तुरंत मदद मांगी। 108 एंबुलेंस ना आने पर उन्होंने खुद घायल भाई को पहले कांशीराम अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रामा देवी स्थित लक्ष्मी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि ध्रुमित पांडेय के पैर में कई जगह फ्रैक्चर हैं, शरीर पर गहरी चोटें आई हैं और पूरी तरह स्वस्थ होने में छह महीने से ज्यादा समय लग सकता है। युवक अभी भी दर्द में तड़प रहा है।

पीड़ित के परिजनों ने की तुरंत गिरफ्तारी की मांग

परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना देने, आरोपी की कार का नंबर बताने और वीडियो फुटेज सौंपने के बावजूद पुलिस ने अब तक FIR दर्ज नहीं की है। मनीष पांडेय ने कहा, 'हमने सबूत दिए, फिर भी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या रिटायर्ड दरोगा होने का फायदा उठाया जा रहा है?' उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की सख्त धाराओं (जानलेवा हमला, लापरवाही से वाहन चलाना आदि) में मुकदमा दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की जाए।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

वहीं मामले में एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने बताया मामला संज्ञान में आया है, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- पत्नी ही निकली मिर्च व्यापारी की कातिल, प्रेमी के साथ मिलकर किया पूरा कांड; जांच में ऐसे हुआ बड़ा खुलासा