1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में एक कुर्सी पर दो CMO का दावा, कोर्ट से स्टे लेकर ज्वाइनिंग लेने वाले नेमी को पुलिस की मौजूगी में हटाया गया

कानपुर में एक कुर्सी पर दो CMO का दावा, कोर्ट से स्टे लेकर ज्वाइनिंग लेने वाले नेमी को पुलिस की मौजूगी में हटाया गया

कानपुर में डॉ उदयनाथ को एक बार फिर से सीएमओ की कुर्सी मिल गई है। कोर्ट से ऑर्डर मिलने के बाद डॉ हरिदत्त नेमी ने उन्हें कुर्सी से हटाकर खुद सीएमओ बन गए थे और नेम प्लेट भी उदयनाथ की हटवा दी थी।

नेम प्लेट हटाते हुए - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV नेम प्लेट हटाते हुए

कानपुरः कानपुर में सीएमओ की कुर्सी को लेकर घमासान मचा हुआ है। निलंबित सीएमओ डॉ हरिदत्त नेमी ने हाई कोर्ट से स्टे लाकर बुधवार को  ज्वाइनिंग कर ली थी और पदस्थ सीएमओ डॉ उदयनाथ की नेम प्लेट हटवा कर उनकी कुर्सी हथिया ली थी। डॉ हरिदत्त नेमी के कार्यभार संभालने के बाद डॉ उदयनाथ ने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी तो प्रमुख सचिव ने तत्काल सीएमओ डॉ हरिदत्त नेमी पर शासन की अवहेलना करने की जांच बैठा दी। 

पुलिस ने डॉ उदयनाथ को वापस दिलाई सीएमओ की कुर्सी

आज पुलिस ने सीएमओ डॉ हरिदत्त नेमी को कार्यालय से हटाकर उनकी जगह सीएमओ डॉ उदयनाथ को कुर्सी वापस दिलाई। इसके बाद डॉ हरिदत्त नेमी की सरकारी गाड़ी भी ले ली गई। 

डॉ. हरिदत्त नेमी बोले फिर वापस लौटकर आउंगा

हाईकोर्ट से निलंबन पर स्टे मिलने के बाद सीएमओ-2 डॉ. हरिदत्त नेमी ने आज पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में अपने ऑफिस से बाहर निकलते हुए कहा कि “मेरे पास कोर्ट का स्टे ऑर्डर है, लेकिन शासन की ओर से कोई स्पष्ट आदेश नहीं आया है।” डॉ. नेमी ने आगे कहा, “प्रशासन दूसरी ओर खड़ा है और मुझ पर कुर्सी छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसे में मैं स्वेच्छा से घर लौट रहा हूं।” डॉ हरिदत्त नेमी प्राइवेट टैक्सी से वापस लौटे और हंसते हुए बोले जल्द वापस लौटूंगा। 

सीएमओ ऑफिस के बाहर पुलिस तैनात

इस घटनाक्रम के बाद स्वास्थ्य विभाग में फिर से असमंजस की स्थिति बन गई है। उनके कार्यालय से बाहर निकलने के दौरान पुलिस की तैनाती देखी गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण पर शांतिपूर्ण रहा।

यहां देखें वीडियो

डॉ. हरिदत्त नेमी को किया गया था निलंबित

बता दें कि डॉ. हरिदत्त नेमी को पहले शासन ने निलंबित कर दिया था, लेकिन उन्होंने हाई कोर्ट से स्टे आदेश लेकर दोबारा कार्यभार ग्रहण किया था। आज की कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रशासन और शासन के स्तर पर अब भी मतभेद या अस्पष्टता बनी हुई है। यह मामला अब शासन की अगली कार्रवाई और स्पष्ट आदेश का इंतजार कर रहा है। जानकारी के अनुसार, डॉ. हरिदत्त नेमी का डीएम से विवाद हो गया था। मामले की जांच के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। 

रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला, कानपुर