उत्तर प्रदेश कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक मामूली सड़क हादसा देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। बाइक की हल्की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दबंग युवकों ने पिता और उनके दो बेटों पर चाकू और हेलमेट से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। सरेशाम हुई इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया है और क्षेत्र में भय व आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
तीनों बाइक से लौट रहे थे घर
मिली जानकारी के अनुसार, किदवई नगर निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने दोनों बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। रोज की तरह रविवार को भी काम खत्म होने के बाद तीनों एक बाइक से घर वापस लौट रहे थे। जब वे नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर बाईपास के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।
हेलमेट के बाद चाकू से किए हमले
बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सामान्य कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने अचानक अपना आपा खो दिया और शिवनारायण व उनके बेटों पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने पहले हेलमेट से हमला किया और फिर चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।
इलाके में मच गई चीख-पुकार
अचानक हुए इस हमले से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। तीनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों का आक्रामक रवैया देखकर लोग सहम गए। घटना के दौरान इलाके में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
दूसरे बेटे का चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलने के बाद नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत हैलट अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बेटे सत्यम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
एक आरोपी को पकड़ा गया
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे। हालांकि, स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
वारदात को लेकर लोगों में भारी आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
'लोभ, लालच या जबरन... कोई किसी का नहीं करा सकता धर्म परिवर्तन,' अमित शाह की कड़ी चेतावनी
'गोमाता की तस्करी और कटाई किसी भी परिस्थिति में नहीं की जाएगी बर्दाश्त', बकरीद को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री की चेतावनी