1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: डिवाइडर से टकराकर पलटा लोहे के तारों से लदा बेकाबू ट्रेलर, 10 फीट हवा में लटका रहा गाड़ी का अगला हिस्सा

VIDEO: डिवाइडर से टकराकर पलटा लोहे के तारों से लदा बेकाबू ट्रेलर, 10 फीट हवा में लटका रहा गाड़ी का अगला हिस्सा

Accident In Kanpur: कानपुर देहात में सड़क हादसा हो गया है, जिसमें लोहे से लदा ट्रेलर बीच सड़क पर पलट गया। इस दौरान, ड्राइवर का केबिन हवा में उठ गया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी की जान नहीं गई।

Kanpur Dehat trailer accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT कानपुर देहात में ट्रक का एक्सीडेंट हो गया है।

Kanpur Accident: यूपी में कानपुर देहात के रनिया विसायकपुर में एक सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से औरंगाबाद जा रहा लोहे के तारों से लदा एक ट्रेलर नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रेलर के ड्राइवर और कंडक्टर घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

तेज रफ्तार से दौड़ रहा था ट्रेलर

चश्मदीदों और पुलिस के मुताबिक, ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर नशे की हालत में था, जिसके कारण उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा करीब 10 फीट तक हवा में उठ गया और वह बीच हाईवे पर पलट गया। ट्रेलर पलटने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग पलटे हुए ट्रक को देखने के लिए आते दिखे। इस दौरान, पुलिस ने लोगों से दूर हटने और रास्ता खाली करने की अपील की।

सड़क से हटवाई गई तारों से लदी गाड़ी

इस हादसे के कारण कानपुर से अकबरपुर लेन पर नेशनल हाईवे कई घंटों तक बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रनिया थाना प्रभारी पुलिस बल और ट्रैफिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रेलर और उसमें लदे लोहे के तारों को सड़क से हटवाया।

झारखंड का रहने वाला है ड्राइवर

थाना प्रभारी ने बताया कि घायल ड्राइवर की पहचान प्रताप के रूप में हुई है जो झारखंड के रहने वाले हैं। वहीं, कंडक्टर पुष्पेंद्र हैं जो बिलावलपुर, गजनेर के निवासी हैं। दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है। गनीमत रही कि इस एक्सीडेंट में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया।

(इनपुट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

ये भी पढ़ें- यूपी में LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई, 1483 स्थानों पर छापे; 6 अरेस्ट