1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में फिर धंसा डॉट नाला, सड़क का बड़ा हिस्सा हुआ खोखला; 25 फीट लंबा गड्ढा

कानपुर में फिर धंसा डॉट नाला, सड़क का बड़ा हिस्सा हुआ खोखला; 25 फीट लंबा गड्ढा

कानपुर में हो रही बारिश वहां के लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। वहां के ब्रह्मनगर इलाके से ईदगाह जाने वाले मार्ग पर फिर से नाला धंस गया है, जो खतरा बन गया है।

The drain in Kanpur collapsed due to the heavy rain.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में हो रही बारिश के कारण नाला धंस गया

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क धंसने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हर्षनगर में 27 अगस्त को धंसा डॉट नाला मंगलवार को एक बार फिर धंस गया। इस बार करीब आठ फीट जमीन और धंसने से गड्ढे का आकार बढ़कर करीब 25 फीट लंबा और 10 फीट गहरा हो गया है। हालात यह हैं कि मौके पर सड़क का महज करीब दो फीट हिस्सा ही सुरक्षित बचा है।

कानपुर के ब्रह्मनगर इलाके से ईदगाह जाने वाले मार्ग पर डॉट नाला धंसने के बाद जलकल विभाग की टीम लगातार मरम्मत में जुटी है। मंगलवार को दोबारा धंसाव होने के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा को देखते हुए जलकल विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्से के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी है।

बारिश ने बढ़ाई मरम्मत की मुश्किल

लगातार बारिश के कारण जमीन की मिट्टी गीली और कमजोर हो गई है। ऐसे में मजदूरों के लिए गड्ढे के अंदर उतरकर काम करना मुश्किल हो गया। दिन में मरम्मत का काम प्रभावित रहा। शाम को जलकल विभाग ने लोहे की शटरिंग लगाने का काम शुरू कराया, ताकि धंसे हुए हिस्से को सुरक्षित करते हुए आगे की मरम्मत की जा सके। जलकल के सहायक अभियंता रवि प्रताप सिंह के मुताबिक, सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शटरिंग का काम कराया जा रहा है। आसपास के कुछ मकानों को भी खाली करने का नोटिस दिया गया है।

जर्जर भवन हटने के बाद भी नहीं थमा धंसाव

नाले की मरम्मत में बाधा बन रहे अशोक कुरील के जर्जर भवन को सोमवार को हाईकोर्ट के आदेश के बाद ढहा दिया गया था। उम्मीद थी कि इसके बाद मरम्मत कार्य में तेजी आएगी, लेकिन मंगलवार को नाले के दोबारा धंसने से चुनौती बढ़ गई। उधर, 80 फीट रोड पर महाराजा डेयरी के पास धंसे डॉट नाले की मरम्मत भी बारिश के कारण प्रभावित हो रही है। अधिकारियों के अनुसार वहां काम पूरा होने में करीब एक महीने का समय लग सकता है।

कमलानगर में भी धंसी सड़क

बारिश के बीच कमलानगर में जेके मंदिर के पास भी सड़क धंस गई है। अधिकारियों के अनुसार यहां बुधवार से मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा, लगातार सामने आ रहे सड़क और नाले के धंसाव के मामलों ने शहर के जल निकासी तंत्र और सड़कों की मजबूती पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हर्षनगर में सबसे बड़ी चुनौती धंसे हिस्से को सुरक्षित करना और सड़क के आगे धंसने की आशंका को रोकना है।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

तेज रफ्तार कार का कहर, पेड़ में मारी जोरदार टक्कर, LPG पाइपलाइन भी तोड़ी, गैस लीक से इलाके में मची अफरातफरी

घर में लूट के बाद बेरहमी से हत्या, 58 वर्षीय महिला का शव कुर्सी पर बैठाकर भागे बदमाश