A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोती रहीं 11 साल की जुड़वां बेटियां, पिता ने रेत दिया गला, कई घंटों तक शवों के पास बैठा रहा हत्यारा दवा कारोबारी

सोती रहीं 11 साल की जुड़वां बेटियां, पिता ने रेत दिया गला, कई घंटों तक शवों के पास बैठा रहा हत्यारा दवा कारोबारी

मासूम जुड़वां बेटियों की हत्या किए जाने के बाद बेरहम पिता शव के पास ही बैठ रहा। वारदात के समय मृतक बच्चों की मां घर पर ही मौजूद थी। पीड़ित मां ने ही पुलिस को जुड़वां बेटियों की हत्या किए जाने की जानकारी पुलिस को दी।

पिता ने की जुड़वां मासूम बेटी की हत्या- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पिता ने की जुड़वां मासूम बेटी की हत्या

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। एक दवा कारोबारी ने अपनी ही 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों की क्रूर हत्या कर दी। आरोपी पिता ने घर के अंदर सोते हुए बच्चों का गला रेतकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। लाशें देखकर उनकी मां ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। 

रविवार तड़के की है ये वारदात

घटना नौबस्ता थाना क्षेत्र के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रविवार तड़के करीब 4:30 बजे हुई। मृतक दोनों बच्चियां रिद्धि और सिद्धि 11 वर्ष की जुड़वा बहनें थीं। परिवार में पिता शशि रंजन मिश्रा (दवा कारोबारी), मां रेशमा मिश्रा और 6 वर्षीय छोटा बेटा गन्नू भी रहता है। 

फर्श पर पड़े थे दोनों बच्चों के शव

पुलिस के अनुसार, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो फ्लैट के अंदर का नजारा बेहद भयावह था। दोनों बच्चों के शव फर्श पर पड़े थे और पूरे घर में खून बिखरा हुआ था। आरोपी पिता शशि रंजन मिश्रा लाशों के पास ही बैठा हुआ था और कुछ भी बोलने को तैयार नहीं था। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने में जुटी हुई है। 

पत्नी रेशमा ने दी पुलिस को जानकारी

डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पत्नी रेशमा ने फोन पर हत्या की सूचना दी थी। पुलिस जब पहुंची तो पिता शशि रंजन बच्चों की लाशों के पास मौजूद था। बच्चों को सोते समय ही वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। 

अभी तक हत्या के कारणों का नहीं चला पता

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पिता ने अपनी ही मासूम जुड़वा बेटियों की हत्या क्यों की? पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभी तक हत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आरोपी शशि रंजन मिश्रा पूछताछ के दौरान कुछ भी बोलने से मना कर रहा है। वह पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है। पुलिस परिवार की आर्थिक स्थिति, पति-पत्नी के बीच किसी विवाद, मानसिक स्वास्थ्य या किसी अन्य गुप्त कारण की जांच कर रही है।

घर पर मौजूद थी मां

मां रेशमा इस वक्त बेहद सदमे में है। वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने बताया कि घटना के समय मां घर पर ही मौजूद थी, लेकिन अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि क्या वह सो रही थी या फिर हत्या के बाद उसे पता चला। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या मां ने हत्या को रोकने की कोशिश की या फिर घटना के बाद ही उन्हें पता चला। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का है इंतजार

नौबस्ता पुलिस स्टेशन की टीम ने मामले को गंभीरता से लिया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने शवों का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जो हत्या की सही वजह और तरीके के बारे में और जानकारी दे सकती है। 

हर पहलू की जांच कर रही पुलिस की टीम

पड़ोसियों ने बताया कि परिवार सामान्य रूप से रहता था। शशि रंजन मिश्रा दवा का कारोबार करते थे और आर्थिक रूप से स्थिर माने जाते थे। कोई बाहरी विवाद की बात सामने नहीं आई है। फिर भी पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है। 

इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इलाके के लोग इस क्रूर हत्याकांड पर सदमे और गुस्से में हैं। कई लोग पूछ रहे हैं कि एक पिता अपने ही बच्चों के प्रति इतना क्रूर कैसे हो सकता है? मौत के घाट उतारी गई बच्चियों की उम्र सिर्फ 11 साल थी और वे अपनी मासूमियत और बचपन की खुशियों में जी रही थीं। उनकी अचानक इस तरह मौत पूरे इलाके के लिए एक बड़ा सदमा बन गई है। 

पुलिस ने केस दर्ज शुरू की जांच

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है। क्या कोई मानसिक समस्या थी, कोई पारिवारिक कलह थी या कोई अन्य गहरा कारण था, यह सब पूछताछ से ही सामने आएगा। कानपुर पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के पीछे का सही कारण सामने लाया जाएगा ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके। फिलहाल, पूरे मामले पर सख्त नजर रखी जा रही है। 

अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट