उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में पति समेत ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। महिला का दावा है कि सुहागरात के दिन ही पति ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, विरोध करने पर मारपीट की और बाद में दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया। इस शिकायत के आधार पर पनकी थाना पुलिस ने पति, जेठ, सास सहित कुल 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
मामला पनकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नारामऊ का बताया जा रहा है, जहां महिला ने अपने दर्दनाक अनुभवों को पुलिस के समक्ष रखा। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में विस्तार से बताया कि उनकी शादी बीती 3 फरवरी 2025 को नारामऊ निवासी युवक से हुई थी।
जानिए किस लिए पीड़िता ने शारीरिक संबंध बनाने से किया मना
महिला ने बताया कि शादी के पहले रात यानी सुहागरात पर महिला को मासिक धर्म होने के कारण शारीरिक संबंध बनाने से मना करना पड़ा। इस पर पति ने क्रोधित होकर उसके साथ शादी के पहले दिन ही उसके साथ जमकर मारपीट की और जबरन संबंध बनाने की कोशिश की। महिला के अनुसार, पति ने न केवल उसकी सहमति की अनदेखी की, बल्कि अश्लील हरकतें भी कीं, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से आहत हुई।
शादी के अगले ही दिन बिगड़ी तबीयत
पीड़िता पत्नी का आरोप है कि शादी के अगले दिन से ही स्थिति और बिगड़ गई। पति, जेठ और सास ने मिलकर अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। महिला ने बताया कि ससुराल पक्ष को शादी में दिए गए सामान से संतुष्टि नहीं हुई और वे पति के नाम पर प्लॉट कराने का दबाव बनाने लगे। जिसके बाद चौथी (शादी के बाद मायके जाने की रस्म) के समय मेरे मायके वालों का अपमान किया गया और मुझे मायके जाने से भी रोक दिया गया। सास ने नौकरी पर जाने के बहाने मेरे आभूषण अपने पास रख लिए और बाद में लौटाने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर पति कई बार मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी भी देता था।
मारपीट के बाद पत्नी को घर से निकाला
मामला यहां नहीं रुका। पीड़िता के अनुसार, 4 जून 2025 को एक बार फिर मारपीट के बाद उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह मायके में रह रही है। इसके अलावा, 8 मार्च 2026 को कल्याणपुर स्टेशन पर पति ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। शिकायत दर्ज करने के अगले दिन दो अज्ञात लोगों ने कल्याणपुर पहुंचकर उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने इन सभी घटनाओं को पुलिस के समक्ष प्रमाणित करने का प्रयास किया है।
पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया केस
पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच चल रही है। दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र भी भेजा गया है ताकि विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा सके। हालांकि, आरोपों की गंभीरता को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट