1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शादी से इनकार पर बेकाबू हुआ युवक, बीच सड़क महिला पर ईंट से किया हमला, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

शादी से इनकार पर बेकाबू हुआ युवक, बीच सड़क महिला पर ईंट से किया हमला, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

कानपुर के बिठूर में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी महिला मित्र पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

Kanpur- India TV Hindi
Image Source : PEXELS प्रतीकात्मक फोटो

कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी महिला मित्र पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने कथित तौर पर बीच सड़क महिला के सिर पर ईंट से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

लड़के ने महिला पर किया जोरदार हमला

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक स्वरूप नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह अपनी महिला मित्र को घूमने के बहाने बिठूर लेकर आया था। दोनों के बीच बातचीत के दौरान युवक ने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला द्वारा शादी से इनकार किए जाने पर वह गुस्से में आ गया। 

आरोप है कि युवक ने सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाई और महिला के सिर पर लगातार वार कर दिए। अचानक हुए हमले से महिला लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए।घटना को देखकर लोगों ने आरोपी को भागने नहीं दिया और उसे पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

सूचना मिलने पर बिठूर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर हिरासत में लिया और घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भेजा। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

प्राथमिक जांच में यह मामला शादी के प्रस्ताव को ठुकराए जाने के बाद हुए विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और सभी तथ्य स्पष्ट हो पाएंगे। आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र शुक्ला)

यह भी पढ़ें:

लखनऊ में रॉन्ग साइड से आ रही कार रोकने पर होमगार्ड से बदसलूकी, युवक ने धक्का देकर जमीन पर गिराया; VIDEO वायरल

नोएडा में चोरी का अनोखा तरीका आया सामने, गुलेल से करते थे घर की जांच, जवाब नहीं मिला तो बना लेते थे निशाना