उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसी झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को तार-फिर कर दिया है। दरअसल, रावतपुर थाना क्षेत्र की एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को दोस्ती के जाल में फंसाकर न सिर्फ उसका अपहरण किया गया, बल्कि उसे बंधक बनाकर जबरन धर्मांतरण की कोशिश की गई और उसके साथ क्रूरता की हदें पार की गईं।
नाबालिग को 6 दिनों तक बनाकर रखा बंधक
मामला कानपुर के रावतपुर का है, जहां अरमान नाम के एक युवक ने पहले तो नाबालिग किशोरी से दोस्ती की और फिर अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसे अगवा कर लिया। आरोपी किशोरी को बेकनगंज स्थित अपने घर ले गए, जहां उसे 6 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इन 6 दिनों में किशोरी ने कई तरह की यातनाएं झेलीं।
कलमा पढ़वाया और गौ मांस भी खिलाया
किशोरी का आरोप है कि बंधक बनाने के बाद उस पर धर्मपरिवर्तन का दबाव बनाया गया। उसे जबरन बुर्का पहनाया गया, कलमा पढ़वाया गया और गौ मांस खाने के लिए मजबूर किया गया। हद तो तब हो गई जब आरोपी के घर की महिलाओं ने भी नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की।
नाबालिग को गर्म चिमटे से दागा
जब पीड़िता ने उनकी बातों को मानने से इनकार किया, तो आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार कर दीं। किशोरी को गर्म चिमटे से दागा गया। डरा-धमकाकर कई कोरे और कानूनी कागजों पर उससे दस्तखत कराए गए। आरोपियों ने उसे खाड़ी देश यानी सऊदी अरब में कथित रूप से बेचने की साजिश भी रची थी।
पीड़िता ने रोते हुए परिजनों को सुनाई आपबीती
6 दिनों तक मौत के साए में जीने के बाद, किसी तरह किशोरी आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची। बदहवास हालत में उसने परिजनों को रोते हुए आपबीती सुनाई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए परिजन तुरंत रावतपुर थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी।
पुलिस ने एक्शन लेते हुए 4 आरोपियों को दबोचा
मामला दो समुदायों और नाबालिग से जुड़ा होने के कारण कानपुर पुलिस तुरंत फुल एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अरमान समेत चार लोगों को धर दबोचा है।
पुलिस ने दिया दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष रावतपुर कमलेश राय का कहना है कि घटना अत्यंत गंभीर प्रकृति की है। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी अरमान सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ ऐसी कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बने।
आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई जारी
सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि थाना रावतपुर क्षेत्र के अंतर्गत 27 जून 2026 को सूचना मिली कि एक युवक की तरफ से नाबालिग लड़की को ले जाने और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं। मिली तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में लगाए गए अन्य सभी आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में पाए साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)
ये भी पढ़ें- VIDEO: कानपुर में मोहर्रम के जुलूस में भयंकर मारपीट, खूब चले लाठी-डंडे; लोगों ने एक-दूसरे को पत्थर भी मारे