A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मोहर्रम के जुलूस में भयंकर मारपीट, खूब चले लाठी-डंडे; लोगों ने एक-दूसरे को पत्थर भी मारे

मोहर्रम के जुलूस में भयंकर मारपीट, खूब चले लाठी-डंडे; लोगों ने एक-दूसरे को पत्थर भी मारे

कानपुर के बजरिया और कर्नलगंज में मोहर्रम के जुलूस के दौरान जमकर मारपीट हुई है। वीडियो में दिख रहा है कि लोग एक-दूसरे पर लाठियां चला रहे हैं और पत्थर बरसा रहे हैं।

Kanpur Muharram procession viral video- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT कानपुर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान लोग आपस में ही भिड़ गए।

यूपी के कानपुर में मोहर्रम के जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए, लेकिन अब सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें जुलूस के दौरान मारपीट, पथराव और लाठी-डंडों से झड़प होती दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। ये वीडियो कानपुर के बजरिया और कर्नलगंज थाना क्षेत्रों के बताए जा रहे हैं।

जुलूस में शामिल लोगों ने एक-दूसरे पर चलाई लाठी

वायरल हो रहे वीडियो में बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। कुछ क्लिप्स में सैकड़ों लोगों की भीड़ एक-दूसरे पर पथराव करती नजर आ रही है। देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देता है, जबकि कुछ वीडियो में लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति भी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया यूजर्स इन वीडियो को मोहर्रम के जुलूस से जोड़कर साझा कर रहे हैं, जिसके चलते इनकी चर्चा लगातार बढ़ रही है।

पुलिस ने संज्ञान लेकर दर्ज किया मुकदमा

इन वीडियो के सामने आने के बाद कानपुर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कई लोग वीडियो को शेयर कर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया एक्शन

पुलिस प्रशासन की ओर से इन वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया गया है और मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन लिया।

जुलूस के दौरान युवकों में हुई झड़प

इस घटना पर डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ युवक जुलूस के दौरान आपस में झड़प करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस सूचना का संज्ञान लेते हुए तत्काल बजरिया थाना पर उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। विस्तृत विवेचना की जा रही है।

पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया

अतुल श्रीवास्तव ने आगे कहा कि इस पूरे झगड़े में किसी को कोई चोट नहीं आई है, फिर भी इसका संज्ञान लेते हुए तीन लोगों को अभी तक हिरासत में लिया गया है। विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में जो भी तथ्य सामने में आते हैं, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- मुहर्रम में आए लोगों को पेनकिलर बताकर जहरीले कैप्सूल बेच रहा था शख्स, पुलिस ने पकड़ा; टारगेट पर थे 30 हजार लोग