कानपुर: यूपी के कानपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के बिठूर थाना क्षेत्र में एक कपल को शादी के 10 साल बाद बेटा पैदा हुआ था। परिवार लंबे समय के बाद गूंजी खुशियों की किलकारियों को ठीक से सुन भी नहीं पाया था कि एक सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई। बच्चे के जन्म के महज 5 घंटे बाद ये घटना घटी। हालात ये बन गए कि बच्चे को जन्म देने वाली महिला को अभी इस खबर की जानकारी नहीं दी गई है क्योंकि वह आईसीयू में एडमिट है।
क्या है पूरा मामला?
बिठूर थाना क्षेत्र के चंद्रिका गांव में रहने वाले शिवनंदन सिंह और उनकी पत्नी जूली के लिए यह दिन किसी सपना के सच होने जैसा था। कई बार उम्मीद जगी, कई बार टूटी लेकिन इस बार किस्मत ने 10 साल बाद जैसे उनकी झोली भर दी थी। अस्पताल में बेटे को जन्म देने के बाद उनके चेहरे पर एक अलग ही चमक थी। आंखों में खुशी के आंसू लिए शिवनंदन दौड़-दौड़कर हर छोटी बड़ी जरूरत का ध्यान रख रहे थे।
उन्होंने बेटे होने की बधाई तुरंत गांव में सबको फोन करके दी थी। घर पर मिठाइयां बांटी गईं। बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया था लेकिन कुछ ही घंटे में शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जिस गोद में उन्होंने बेटे को उठाने का सालों से सपना देखा था, वह पूरा नहीं हो सका।
घटना कैसे हुई?
चंद्रिका गांव निवासी शिवनंदन सिंह के परिवार में पत्नी जूली, 6 वर्षीय बेटी आयुषी और मां निर्मला है। पत्नी जूली की डिलीवरी करने के लिए उसे कल्याणपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीती शाम 4 बजे ऑपरेशन से बेटे को जन्म देने के बाद मां को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया।
10 साल बाद बेटा होने पर परिवार के लोग खुशियों में डूबे थे। अस्पताल में रात का खाना और दूध लाने के लिए शिवनंदन शाम को गांव चले गए। अस्पताल में देखभाल के लिए शिवनंदन की सास मौजूद थी। परिजनों ने बताया रात करीब 9 बजे शिवनंदन बाइक से खाना लेकर अस्पताल लौट रहे थे।
बिठूर मंधना एलिवेटेड हाईवे पर बिल्हौर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से शिवनंदन बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहे 4 वाहन उन्हें रौंदते हुए निकल गए, जिससे मौके पर ही शिवनंदन की दर्दनाक मौत हो गई ।
घटना पर पुलिस का बयान
बिठूर थाने के थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हादसे में टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के लिए हाईवे के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। (रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र शुक्ला)