A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: चलते ट्रक में अचानक भीषण अग्निकांड, करीब 100 मीटर तक दौड़ता रहा जलता हुआ वाहन; 3 लोगों ने ऐसे बचाई जान

VIDEO: चलते ट्रक में अचानक भीषण अग्निकांड, करीब 100 मीटर तक दौड़ता रहा जलता हुआ वाहन; 3 लोगों ने ऐसे बचाई जान

कानपुर में जाजमऊ फ्लाईओवर पर मौरंग लदे ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक आग लगने के बाद भी 100 मीटर तक दौड़ता रहा। गनीमत रही कि ड्राइवर, क्लीनर और एक अन्य शख्स ने किसी तरह अपनी जान बचा ली। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।

Kanpur truck fire video- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT कानपुर में चलते ट्रक में अचानक आग लग गई।

Kanpur Truck Fire Video: यूपी में कानपुर के जाजमऊ फ्लाईओवर पर एक दिल दहला देने वाली घटना ने स्थानीय और राह चलते लोगों को सकते में डाल दिया। जहां रामादेवी से जाजमऊ की ओर जा रहे मौरंग से लदे एक भारी-भरकम ट्रक में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर तक हाईवे पर धू-धू जलता हुआ दौड़ता रहा, जिससे आसपास खौफ का माहौल बन गया। इससे सड़क पर चलने वाले राहगीर भी दहशत में आ गए।

ड्राइवर और क्लीनर ने ट्रक से कूदकर बचाई जान

जानकारी के अनुसार, जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त ट्रक में सवार ड्राइवर, क्लीनर सहित तीन लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत सूझ-बूझ दिखाई और उन्होंने बिना समय गंवाए ट्रक से छलांग लगा दी। ऐसा करके वे बाल-बाल बच गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते-ही-देखते पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। मौरंग की वजह से आग और अधिक भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में धुआं फैल गया। 

आग की वजह से लगा 3 KM लंबा जाम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एहतियात बरतते हुए रामादेवी से जाजमऊ की ओर आने वाले सभी वाहनों की आवाजाही कुछ देर के लिए रोक दी। इसके चलते फ्लाईओवर पर करीब 3 किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। यातायात पूरी तरह से ठप हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

फायर ब्रिगेड की टीम ने बुझाई आग

दुर्भाग्यवश, घटना की सूचना दिए जाने के 25 मिनट बाद भी अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं। इससे आग पर काबू पाने में काफी देरी हुई। आखिरकार दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। 

शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा आग का कारण

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस आग में ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। उसमें सवार रहे तीनों व्यक्तियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने के कारणों की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- नदी में गिरी सवारियों से भरी बस, 23 लोगों की मौत, दिल दहला देगा हादसे का VIDEO