1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में महिला हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, गोलीकांड के बाद पुलिस ने ऐसे खोला राज, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर में महिला हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, गोलीकांड के बाद पुलिस ने ऐसे खोला राज, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर के सत्ती चौरा इलाके में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। छावनी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Kanpur - India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE कानपुर में महिला हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा

कानपुर के सत्ती चौरा इलाके में महिला की गोली मारकर हत्या से फैली सनसनी फैल गई। इस घटना के बाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। वारदात के बाद तीन पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं और सुरागों की एक-एक कड़ी जोड़ते हुए आखिरकार दो संदिग्धों तक पहुंच गईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल होने का दावा किया जा रहा तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल हुई अपाचे बाइक बरामद की है।

छावनी थाना क्षेत्र के सत्ती चौरा में 30 अगस्त को महिला को गोली मार दी गई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास से मिलने वाले सुरागों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। अगले 24 घंटों तक पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर नजर रखती रही और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाती रही। जांच आगे बढ़ने के साथ कुछ अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ।

छबीलेपुरवा मोड़ पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को छबीलेपुरवा मोड़ स्थित एक बारात घर के पास संदिग्धों के होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीमों ने इलाके में घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष निषाद उर्फ कल्लू और विनोद निषाद उर्फ मोदी के रूप में हुई है। दोनों उन्नाव जिले के गंगाघाट थाना क्षेत्र स्थित कल्लूपुरवा कटरी पीपरखेड़ा गांव के निवासी बताए गए हैं।

तमंचा, कारतूस और अपाचे बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बताई जा रही अपाचे मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। हथियार की बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया गया। हालांकि, दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद पुलिस की जांच अभी पूरी नहीं हुई है।  पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की हत्या क्यों की गई।

यह भी पढ़ें:

हरदोई में शिकायत की तो शिक्षक ने पीटा! हाथ में फ्रैक्चर, इलाज के दौरान 8वीं की छात्रा की मौत

घर के बरामदे में सो रहा था युवक, अचानक आया जानवर और उठा ले गया, झाड़ियों में मिला आधा खाया शव