1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बदायूं में हाईटेंशन लाइन से टकराया कांवड़ियों का डीजे, करंट लगने से 7 बच्चे झुलसे, एक युवक की मौत

बदायूं में हाईटेंशन लाइन से टकराया कांवड़ियों का डीजे, करंट लगने से 7 बच्चे झुलसे, एक युवक की मौत

कांवड़ियों का डीजे काफी ऊंचाई पर था और हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इससे पूरे डीजे में करंट दौड़ गया और धमाका हुआ। करंट की चपेट में आने से सात बच्चे झुलस गए। वहीं, एक युवक की मौत हो गई।

budaun- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बिजली तार से टकराया डीजे

उत्तर प्रदेश के बदायूं में कांवड़ियों का डीजे हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इससे डीजे और ट्रैक्टर ट्रॉली में करंट दौड़ गया और कई इसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। कांवड़िए कछला गंगा घाट जल लेने के लिए जा रहे थे। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे लगाया था और डांस करते हुए गांव से निकल रहे थे। इसी दौरान इन लोगों के साथ हादसा हो गया। 

डीजे का लाउडस्पीकर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आते ही ट्रॉली में करंट दौड़ गया और तेज धमाके के साथ लपटें उठने लगीं। वायरल वीडियो में कुछ लोग और बच्चे जमीन पर गिरते नजर आ रहे हैं। हादसे में एक युवक की मौत और सात बच्चे झुलस गए। पुलिस का दावा है कि युवक की मौत जनरेटर के करंट से हुई है।

डांस वीडियो में कैद हुआ हादसा

बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव गौरामई में कछला गंगा घाट पर जल लेने के लिए जाने से पहले कांवड़ियों के साथ गांव के कुछ बच्चे भी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगे डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगे लाउडस्पीकर का संपर्क हाईटेंशन लाइन से हो गया, जिससे ट्रॉली में करंट दौड़ गया और आग की लपटें उठने लगीं। डांस का वीडियो बना रहे किसी व्यक्ति के मोबाइल में हादसे का यह दृश्य कैद हो गया। वीडियो में करंट लगने के बाद ट्रॉली से लपटें उठती और लोग जमीन पर गिरते दिखाई दे रहे हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया

करंट की चपेट में आने से गांव निवासी रोहित कुमार सहित 7 अन्य बच्चे झुलस गए। हादसे में रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि झुलसे सात बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस का बयान

सिटी एसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि कादरचौक थाना क्षेत्र के गौरामई गांव में डीजे के जनरेटर में करंट आने से कुछ लोग झुलस गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बच्चों की हालत ठीक है। हादसे में एक युवक की मौत हुई है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

(बदायूं से सौरभ शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

सीतापुर में वीडियो गेम के विवाद ने ली किशोर की जान, नुकीली चीज से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

अमरोहा में पैसों के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात