1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कौशांबी में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत, पिछले महीने भी हुई थी ऐसी घटना

कौशांबी में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत, पिछले महीने भी हुई थी ऐसी घटना

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने की वजह से एक महिला झुलस गई। आसपास मौजूद लोग जब महिला को लेकर घर पहुंचे तो महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

Kaushambi woman died after being struck by lightning similar incident had occurred last month- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

कौशांबी जिले के करारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से खेत में काम कर रही एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार करारी थाना क्षेत्र के जमदुआ गांव निवासी केसरी देवी (50)आज शाम धान के खेत में काम कर रही थी, तभी अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। उन्होंने बताया कि इसकी चपेट में आने से केसरी देवी गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास काम कर रहे लोग महिला को गंभीर हालत में लेकर उसके घर की ओर चले, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष विनीत सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। 

पिछले महीने भी 2 महिलाओं की हुई थी मौत

बता दें कि पिछले महीने भी इसी तरह का एक मामला कौशांबी में देखने को मिला था। दरअसल यहां आकाशीय बिजली गिरने से धान की रोपाई कर रही एक नाबालिग लड़की और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। क्षेत्राधिकारी (मंझनपुर) शिवांक सिंह ने बताया कि जिले के अमूरा गांव में भगनीती (35) और सुनीता (15) कई अन्य महिलाओं के साथ शनिवार दोपहर खेत में धान की रोपाई कर रही थीं, तभी आकाशीय बिजली के गिरने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। 

सीएम योगी ने जताया शोक

उपजिलाधिकारी (मंझनपुर) आकाश सिंह ने बताया कि इस घटना के तुरंत बाद राजस्व टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत कोष के तहत सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया था। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने दिवंगत के परिजनों को अनुमान्य राहत राशि तत्काल दिए जाने के निर्देश दिए और इस आपदा से घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के भी निर्देश दिए। 

(इनपुट-भाषा)