1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ललितपुर में ट्रैक्टर की रस्सी में फंसकर बाइक सवार की मौत, घटना का CCTV फुटेज सामने आया

ललितपुर में ट्रैक्टर की रस्सी में फंसकर बाइक सवार की मौत, घटना का CCTV फुटेज सामने आया

उत्तर प्रदेश के ललितपुर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हैरान कर दिया है। सड़क पर ट्रैक्टर से लकड़ी खींचने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया।

CCTV- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ट्रैक्टर की रस्सी में फंसकर बाइक सवार की मौत

ललितपुर में सड़क पर ट्रैक्टर से लकड़ी खींचने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। दैलवारा नवोदय विद्यालय के पास अचानक एक बाइक सवार ट्रैक्टर से बंधी रस्सी की चपेट में आ गया। रस्सी की चपेट में आने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि दैलवारा नवोदय विद्यालय के पास सड़क से ट्रैक्टर लकड़ी खींचकर ले जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार वहां से गुजर रहा था। तभी वह ट्रैक्टर से बंधी रस्सी की चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक सवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे का पूरा घटनाक्रम पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वायरल हो रहे फुटेज में ट्रैक्टर से लकड़ी खींचने के दौरान बाइक सवार के साथ हुई घटना दिखाई दे रही है।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के परिजनों ने इसे सिर्फ एक हादसा मानने से इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी और इस घटना के पीछे साजिश हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद संबंधित लोग वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ वायरल CCTV फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है और परिजनों की ओर से लगाए गए साजिश के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बाइक सवार की मौत एक दर्दनाक दुर्घटना थी या इसके पीछे किसी तरह की साजिश थी।

(रिपोर्ट: आकाश राठौर)

यह भी पढ़ें:

यूपी में स्कूलों की दुर्दशा के आरोपों पर सीएम योगी का जवाब, बताया 'ऑपरेशन कायाकल्प' के तहत विद्यालयों और छात्रों को क्या-क्या दिया

यूपी में राशन लेने वालों की मौज, दुकान पर लाइन में नहीं लगना होगा, स्वागत में गुड़-पेठा भी खाने को मिलेगा