1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. खेत में काम कर रहे तीन लोगों पर तेंदुए ने किया हमला, 400 ग्रामीणों ने जंगली जानवर को घेरा

खेत में काम कर रहे तीन लोगों पर तेंदुए ने किया हमला, 400 ग्रामीणों ने जंगली जानवर को घेरा

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में खेत में काम कर रहे कुछ लोगों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस घटना में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए हैं।

Leopard attacked three people working in the field 400 villagers surrounded the wild animal- India TV Hindi
Image Source : PTI खेत में काम कर रहे तीन लोगों पर तेंदुए ने किया हमला

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शुक्रवार को तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल हो गए। दरअसल कतर्नियाघाट जंगल से सटे सुजौली ग्राम पंचायत में नहर के पास तेंदुए ने खेतों में काम कर रही एक महिला समेत तीन लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना के फौरन बाद ही तेंदुए को स्थानीय ग्रामीणों ने घेर लिया। इसके बाद आनन-फानन में इस घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग के अधिकारियों का कहना था कि तेंदुआ संभवत: इस हमले के बाद तेंदुआ जंगल की ओर निकल गया, लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और अब भी उसे घेरे हुए हैं। 

तीन लोगों पर तेंदुए ने किया हमला

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए कहा कि छोटी नहर के पास तेंदुए ने तीन लोगों पर हमला कर दिया, जिनकी पहचान गीता, चंद्रिका और धर्मेंद्र के रूप में हुई है। इस हमले में तीनों लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि तेंदुए के हमले की बात सुनकर घटनास्थल पर करीब 400 लोग इकट्ठा हो गए और एक खेत में ही तेंदुए को घेर लिया। 

घटनास्थल पर पहुंची वन विभाग की टीम

इसके बाद वन-विभाग की टीम को इस घटना की सूचना मिली और वन विभाग की टीम आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंच गई। वन विभाग, पुलिस व प्रशासन द्वारा भीड़ को समझाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद काफी लोग वहां से चले गए, बावजूद इसके 100 लोग घटनास्थल पर ही डटे रहे। उन्होंने बताया कि तेंदुए को सही सलामत निकालने के लिए वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम अब भी वहां है। प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि संभावना है कि तेंदुआ जंगल की ओर चला गया है, क्योंकि खेत में किसी प्रकार की हलचल देखने को नहीं मिल रही है। शिवशंकर ने कहा कि तेंदुए के हमले से बचाव के लिए एहतियातन रूप से ट्रंकुलाइजेशन टीम के पास मौजूद है। वहीं तेंदुए को पकड़ने के लिए खाबड़ लगाया गया है। 

(इनपुट-भाषा)