A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में बिजली गिरने से 24 घंटे में 29 मौतें, IMD के वैज्ञानिक बोले- 'अगले 7 दिन और बढ़ेंगे मामले, बारिश में पेड़ का सहारा न लें'

यूपी में बिजली गिरने से 24 घंटे में 29 मौतें, IMD के वैज्ञानिक बोले- 'अगले 7 दिन और बढ़ेंगे मामले, बारिश में पेड़ का सहारा न लें'

उत्तर प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं के चलते 24 घंटे के अंदर 35 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 29 मौतें आकाशीय बिजली गिरने से हुई हैं। इसके बाद आईएमडी ने चेतावनी जारी की है।

Lightning- India TV Hindi
Image Source : PTI आकाशीय बिजली

उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन से पहले तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बादल गरजने का सिलसिला चल रहा है। इस बीच कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हुई हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर यहां प्राकृतिक आपदाओं से 35 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, अधिकतर मौतें आकाशीय बिजली गिरने से ही हुई हैं। 29 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। इस बीच मौसम विभाग के वैज्ञानिक ने डराने वाली बात कही है।

आईएमडी के सीनियर साइंटिस्ट मोहम्मद दानिश का कहना है कि यूपी में अगले सात दिनों में बिजली गिरने के घटनाएं और ज्यादा होंगी। लोगों को अलर्ट रहना चाहिए। मौसम खराब होने पर पेड़ के नीचे या खुले में ना रहें।

क्यों बढ़ीं बिजली गिरने की घटनाएं

आईएमडी के वैज्ञानिक के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं। यूपी में मानसून 18 जून तक आने की उम्मीद है। ऐसे में अगले सप्ताह तक यहां बारिश, बादलों का गरजना, आकाशीय बिजली गिरना और तेज हवा चलने जैसे घटनाएं और ज्यादा होंगी। इसी वजह से आईएमडी ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि मौसम खराब होने पर बेवजह बाहर न घूमें। अगर बाहर हैं तो बड़े पेड़ के नीचे न खड़े हों।

वाराणसी सबसे गर्म शहर

शनिवार (15 जून) को वाराणसी देश का सबसे गर्म शहर रहा। शनिवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा उरई, गाजीपुर में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग के अनुसार देश के अधिकतर राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी भी लू जैसी स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में इसमें भी बदलाव हो सकता है। शनिवार को यूपी के सात शहरों में पारा 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।