1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. LLB छात्र की हत्या से सनसनी, नाले में मिला खून से लथपथ शव, इकलौते बेटे की हत्या से परिवार में मचा कोहराम

LLB छात्र की हत्या से सनसनी, नाले में मिला खून से लथपथ शव, इकलौते बेटे की हत्या से परिवार में मचा कोहराम

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र में LLB छात्र का शव खेतों के पास नाले में खून से लथपथ मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ गया।

Muzaffarnagar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT LLB छात्र की हत्या से सनसनी

मुजफ्फरनगर में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरेटी गांव के बाहर खेतों के पास नाले में करीब 18 साल के युवक की खून से सनी लाश पड़ी मिली। मृतक की पहचान गांव के मौजूदा प्रधान विवेक राठी के इकलौते बेटे रोहन के रूप में हुई है। रोहन एलएलबी का छात्र था और बुधवार शाम अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह खेतों की तरफ जा रहे किसानों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। शव की पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

रोहन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इन्हीं निशानों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ मारपीट की गई और इसके बाद उसकी हत्या की गई। हालांकि, हत्या की असली वजह और घटनाक्रम का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन 

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के SSP संजय कुमार वर्मा ने मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया है। जांच में SOG को भी लगाया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही GPS और CDR की मदद से रोहन की आखिरी लोकेशन और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।

SP सिटी अमृत जैन ने बताया कि पुरकाजी क्षेत्र में खेतों में शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव की पहचान कराने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घटना के सफल अनावरण के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं और तकनीकी साक्ष्यों के साथ एसओजी की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

इधर, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष नवीन राठी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि रोहन गांव के प्रधान विवेक राठी का इकलौता बेटा था। उनके मुताबिक, सुबह खेतों की ओर जा रहे किसानों ने शव देखकर प्रधान को फोन किया था। बाद में पहचान होने पर पता चला कि शव रोहन का है। नवीन राठी ने कहा कि परिवार की किसी से रंजिश की जानकारी नहीं है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

(रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

यह भी पढ़ें:

बेटे की मौत के बाद मां ने बहू की कराई शादी, देवर ने भाई बनाकर किया कन्यादान

1,55,000 रुपये चालान, सेफ्टी उपकरण गायब और ड्राइवर-कंडक्टर पी रहे थे बीड़ी, ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर चौंकाने वाला खुलासा