1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लोनी में पुलिस की नाकेबंदी के बीच हिंदू रक्षक दल ने पढ़ी हनुमान चालीसा, ‘राशिद अली गेट’ को ‘बजरंग द्वार’ करने का ऐलान

लोनी में पुलिस की नाकेबंदी के बीच हिंदू रक्षक दल ने पढ़ी हनुमान चालीसा, ‘राशिद अली गेट’ को ‘बजरंग द्वार’ करने का ऐलान

हिंदू रक्षक दल के एक कार्यकर्ता ने कहा कि हमारे साथ 12-13 गांव जुड़े हुए हैं। भविष्य में 'राशिद अली' गेट को 'बजरंग द्वार' के नाम से जाना जाएगा।

हिंदू रक्षक दल का कार्यकर्ता- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हिंदू रक्षक दल का कार्यकर्ता

गाजियाबाद के लोनी स्थित राशिद अली गेट पर हनुमान चालीसा पढ़ने जा रहे हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा और नाकेबंदी के बीच कार्यकर्ताओं ने गेट से करीब 50 मीटर पहले (सलाम होटल के पास) ही हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान हिंदू रक्षा दल ने राशिद अली गेट का नाम बदलकर 'बजरंग द्वार' या 'हनुमान द्वार' रखने की घोषणा भी की।

पुलिस ने चारों तरफ से की नाकेबंदी

हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा राशिद अली गेट पर हनुमान चालीसा पढ़ने का आह्वान किया गया था। इसके चलते भारी संख्या में कार्यकर्ता वहां पहुंच रहे थे। लेकिन पुलिस ने चारों तरफ से नाकेबंदी कर दी थी, जिससे कार्यकर्ताओं को पहुंचने में असुविधा हुई।  

हिदूं रक्षा दल के पदाधिकारी ने कहा, 'जैसे ही पुलिस ने हमें रोका, हमने बिना कोई विवाद किए वहीं 50 मीटर पहले बैठकर भव्य तरीके से दो बार हनुमान चालीसा का पाठ किया। हमारी लड़ाई पुलिस या प्रशासन से नहीं है।'

सुमित नाम के कार्यकर्ता के साथ की गई मारपीट

हिंदू रक्षा दल ने आरोप लगाया कि हाजी सलमान ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो डालकर माहौल खराब करने और उन्हें जानबूझकर चुनौती देने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया, 'सुमित नामक हमारा एक अकेला कार्यकर्ता जब वहां गया, तो हाजी सलमान और उसके साथियों ने उसके साथ अभद्रता की, उसके साथ मारपीट की और उसका फोन व चेन लूट ली।' हाजी सलमान एक शातिर अपराधी है और पुलिस प्रशासन ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।

भविष्य में बजरंग द्वार के नाम से हो जाएगा नाम 

हिंदू रक्षा दल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आज से उनके लिए 'राशिद अली गेट' का नाम समाप्त हो गया है।  "यह नाम प्रशासन ने नहीं, बल्कि कुछ लोगों ने खुद रख लिया था। हमारे साथ 12-13 गांव जुड़े हुए हैं। हम गांव-गांव जाकर पंचायत करेंगे और भविष्य में इस गेट को 'हनुमान द्वार' या 'बजरंग द्वार' के नाम से ही जाना जाएगा।"

हाजी सलमान और उसके गुर्गों को गिरफ्तार करने की मांग

उन्होंने पुलिस प्रशासन से हाजी सलमान और उसके गुर्गों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने दावा किया है कि उन्हें पाकिस्तान और पुर्तगाल जैसे देशों के नंबरों से लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसमें उनके परिवार को निशाना बनाने की बात कही जा रही है। 

ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा

हिंदू रक्षा दल ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसे उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे किसी भी हिंदू के सम्मान के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।

मुस्लिम युवकों ने हिंदू के साथ की मारपीट

राशिद अली गेट पर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं द्वारा हनुमान चालीसा को लेकर जो लोग इकट्ठा हुए थे। उनके जाने के बाद एक कैब चालक वहां से गुजर रहा था। उसका कहना है कि कुछ मुस्लिम युवकों ने उसको रोक लिया, उसके हाथ में कलावा और कड़ा देख कर उन युवकों ने उसकी गाड़ी पर पथराव किया और उसके साथ भी मारपीट की।

गाजियाबाद से ज़ुबेर अख्तर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

यूपी के संभल में दर्दनाक सड़क हादसा, ऑटो-डंपर की टक्कर में 2 बच्चों समेत 5 की मौत, 6 घायल