1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में दोस्त की हत्या करने वाला आरोपी उजैफा का पुलिस के साथ मुठभेड़, पैर में मारी गई गोली, हुआ गिरफ्तार

लखनऊ में दोस्त की हत्या करने वाला आरोपी उजैफा का पुलिस के साथ मुठभेड़, पैर में मारी गई गोली, हुआ गिरफ्तार

दुबग्गा इलाके में पानी की टंकी के पास पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हुआ। इस दौरान गोली लगने से उजेफा घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़कर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपी के पैर में मारी गोली- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस ने आरोपी के पैर में मारी गोली

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दोस्त की चाकू से गला रेतकर हत्या करने के आरोपी उजैफा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। रविवार रात दुबग्गा इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उजैफा के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। उसने करीब 24 घंटे पहले सआदतगंज इलाके में अपने दोस्त रेहान की बेरहमी से हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।

रेहान पर चाकू से किया गया था हमला

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9:30 बजे सआदतगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर स्थित अंबेडकर पार्क के पास रेहान पर चाकू से हमला किया गया था। रेहान रामनगर का रहने वाला था और उसके पिता का नाम मुंशी बताया गया है। आरोप है कि गुलाब की बगिया, मौज्जमनगर निवासी उजैफा पुत्र परवेज ने अपने दोस्त रेहान के गले पर चाकू से वार कर दिया। हमले में रेहान गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

इलाज के दौरान रेहान की हुई मौत

घटना के बाद घायल रेहान को तत्काल किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी उजैफा मौके से फरार हो गया था। उसके भागने का वीडियो भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

दुबग्गा इलाके में पुलिस की आरोपी के साथ मुठभेड़

रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दुबग्गा इलाके में पानी की टंकी के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेरने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से उजैफा घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

वारदात में इस्तेमाल हथियार की जुटाई जा रही जानकारी

फिलहाल पुलिस आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई है। उससे पूछताछ कर हत्या की वजह और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें: 

बाराबंकी में दुर्गा पूजा के भंडारे से लौट रहे 4 दोस्तों को टाटा सफारी ने रौंदा, 3 की दर्दनाक मौत, 1 गंभीर रूप से घायल