1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ: सरोजनी नगर से BJP विधायक ने CM योगी से की शिकायत, जल भराव और खराब सड़कों का उठाया मुद्दा

लखनऊ: सरोजनी नगर से BJP विधायक ने CM योगी से की शिकायत, जल भराव और खराब सड़कों का उठाया मुद्दा

लखनऊ के सरोजनीनगर से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने सीएम योगी से मुलाकात की और पत्र लिखकर जल भराव और खराब सड़कों का मुद्दा उठाया।

Rajeshwar Singh- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT लखनऊ के सरोजनीनगर से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह

लखनऊ: लखनऊ के सरोजनीनगर से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने आज CM योगी से मुलाकात की। इस दौरान राजेश्वर सिंह ने लखनऊ में जल भराव, खराब सड़कों और जाम नालियों की शिकायत CM योगी आदित्यनाथ से की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ नगर निगम और नगर विकास विभाग की समीक्षा की भी मांग की। बता दें कि यूपी में नगर विकास विभाग के मंत्री ए के शर्मा हैं। 

राजेश्वर सिंह ने पत्र में क्या लिखा?

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में राजेश्वर सिंह ने कहा कि हर साल लखनऊ में सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई और ड्रेनेज सुधार के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च होते हैं लेकिन जरा सी बरसात से ही शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो जाते हैं, जिससे जनता को काफी परेशानी होती है और साथ में बीमारियों का भी खतरा रहता है।

सीएम योगी को लिखे पत्र में राजेश्वर सिंह ने लिखा है कि ज्यादातर नालियां या तो गंदगी से जाम हैं, या उन पर अतिक्रमण है। मानसून के पहले नालियों की सफाई नहीं हो रही है। राजेश्वर सिंह ने आगे लिखा है कि हालही में बनी सड़कों या मरम्मत की गई सड़कों में पहली बारिश में गड्ढे हो गए हैं। कई इलाकों में बारिश का पानी भर जाने की समस्या है, लेकिन नगर निगम और नगर विकास विभाग में किसी की ज़िम्मेदारी नहीं है।

राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री से नगर निगम और नगर विकास विभाग की समीक्षा करने की अपील की है। राजेश्वर सिंह ने पत्र में लिखा है कि "लखनऊ प्रदेश की राजधानी है और यहां की स्थिति पूरे राज्य की छवि का प्रतिनिधित्व करती है।"

बता दें कि राजेश्वर सिंह ईडी में अफसर रहे हैं और लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से पहली बार विधायक बने हैं। अब देखना ये होगा कि BJP विधायक की इस शिकायत पर सीएम योगी क्या एक्शन लेते हैं।