उत्तर प्रदेश में लखनऊ के हैदरगंज चौराहे पर कार से रॉन्ग साइड से आ रहे युवक को रोकना होमगार्ड को भारी पड़ गया। युवक ने कार से उतरकर होमगार्ड को धक्का दिया और इसकी वजह से होमगार्ड सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद भी युवक नहीं रुका और होमगार्ड से हाथापाई की। इसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
हैदरगंज चौराहे पर होमगार्ड के साथ हुई बदसलूकी
जब ये घटना हैदरगंज चौराहे पर हो रही थी, तब क्षेत्रीय लोगों ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। बता दें कि ये मामला बीते शनिवार रात साढ़े 8 बजे के करीब का बताया जा रहा है। वीडियो में युवक होमगार्ड को धक्का देता और उसपर चिल्लाता हुआ नजर आ रहा है।
रॉन्ग साइड से आने पर रोका तो भड़का युवक
चश्मदीदों के अनुसार, हैदरगंज चौराहे पर उस वक्त सामान्य रूप से गाड़ियों की आवाजाही चल रही थी। होमगार्ड ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने कोशिश कर रहा था, तभी उन्होंने रॉन्ग साइड से आ रही एक कार को रोकने की कोशिश की। इस पर नियमों का पालन करने की जगह कार ड्राइव करने वाला युवक भड़क गया और अपनी गाड़ी से उतरकर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के साथ बदसलूकी करने लगा। इस दौरान, हैदरगंज चौराहे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
होमगार्ड की ही सुरक्षा को लेकर उठ गए सवाल
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों ने कानून व्यवस्था और पुलिसकर्मियों व होमगार्ड की सुरक्षा को लेकर प्रश्न पूछे हैं। साथ ही, कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ एक्शन की डिमांड की है। चौंकाने वाली बात रही कि इस घटना के दौरान किसी ने भी युवक और होमगार्ड में बीच-बचाव की कोशिश नहीं की, हालांकि कुछ लोग घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते जरूर दिखे।
वीडियो में होमगार्ड पर चीखता हुआ दिखा युवक
गौरतलब है कि खबर लिखे जाने तक इस मामले में कार्रवाई की खबर नहीं मिली है। हालांकि, वीडियो में होमगार्ड यह कहता हुआ जरूर सुनाई दे रहा है कि मैं पुलिस बुला रहा हूं आपने मुझे धक्का क्यों मारा? आप रॉन्ग साइड से क्यों आ रहे थे। तभी युवक चीखने-चिल्लाने लगता है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 'मौत का स्टंट', पैर ऊपर कर बाइक चलाता दिखा युवक, देखें खौफनाक वीडियो