1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ के शिवा शर्मा मर्डर केस में एक्शन, हटाए गए DCP विक्रांत वीर; श्रद्धा दुबे के नहीं पकड़े जाने की बीच हुई कार्रवाई

लखनऊ के शिवा शर्मा मर्डर केस में एक्शन, हटाए गए DCP विक्रांत वीर; श्रद्धा दुबे के नहीं पकड़े जाने की बीच हुई कार्रवाई

लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड के मामले में एक्शन हुआ है। पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर को हटाकर डीजीपी ऑफिस से अटैच कर दिया गया है।

Shiva Sharma Murder Case- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में कार्रवाई हुई है।

यूपी की राजधानी लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी ना होने से यूपी पुलिस की खासी किरकिरी हो रही है। लखनऊ में इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह को हटाए जाने के बाद अब पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर को भी हटा दिया गया है। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है और पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर को डीजीपी ऑफिस से अटैच कर दिया गया है।

श्रद्धा दुबे को खोजने में जुटी हैं पुलिस की 10 टीमें

बता दें कि श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस की 10 टीम लगी हैं। श्रद्धा दुबे पर 50 हजार का इनाम है। श्रद्धा दुबे के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी है लेकिन पुलिस की पकड़ में श्रद्धा नहीं आ रही हैं। आज श्रद्धा मीडिया के सामने भी आईं और अपने आपको बेकसूर बताया। जारी किए गए वीडियो में श्रद्धा दुबे ने कहा था कि मैं श्रद्धा दुबे हूं, जिसका नाम शिवा शर्मा की हत्या के मामले में बार-बार लिया जा रहा है। मेरा उस हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। वह हत्या नहीं, आत्महत्या थी। मैंने अपनी आंखों से उसे बालकनी से कूदते देखा था।'

चौथी मंजिल से गिरकर हुई शिवा की मौत

गौरतलब है कि लखनऊ के हजरतगंज इलाके में ही बीते 9 अक्टूबर को करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थिति में गिरकर मौत हो गई थी। चौथी मंजिल पर ही मॉडल और इंफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे रहती थीं। जान लें कि पहले फरार मॉडल श्रद्धा दुबे और अन्य के खिलाफ पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा था, जिसे बढ़ाकर अब 50 हजार रुपये कर दिया गया है।

श्रद्धा, उसकी बहन और ड्राइवर पर दर्ज हुआ मुकदमा

बाद में शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन श्रद्धा फरार हैं। पहले श्रद्धा की नेपाल में होने की बात सामने आई थी। इतना ही नहीं, श्रद्धा ने दो वीडियो जारी करके अपने आपको निर्दोष भी बताया था। दरअसल, शिवा की मां कहना है कि ये खुदकुशी का मामला नहीं बल्कि हत्या है, जिसे श्रद्धा दुबे और उसके साथियों ने अंजाम दिया है। शिवा शर्मा की मां ने श्रद्धा दुबे को शिवा का लिव-इन पार्टनर भी बताया है।

ये भी पढ़ें- श्रद्धा दुबे, रश्मि और दानिश का बचना मुश्किल? तीनों के खिलाफ जारी हुआ गैर जमानती वारंट