Lucknow Hit And Run Case: यूपी में लखनऊ के गाजीपुर थाना इलाके में शुक्रवार देर रात तेज स्पीड का प्रकोप देखने को मिला, जहां एक अज्ञात थार ने बाइक सवार 2 लोगों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों लोग जख्मी हो गए, जबकि टक्कर मारने के बाद थार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सामने आए घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थार और उसके ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है।
थार ने तेज रफ्तार में आकर मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, ये घटना बीते 23 मई की रात लगभग 10:30 बजे सेक्टर-18 में हुई। खबर मिलते ही गाजीपुर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती पड़ताल में यह पता चला कि कार्तिकेय त्रिपाठी जो इंदिरानगर के रहने वाले हैं, अपने दोस्त अमित सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान, एक काली थार गाड़ी ने सामने से तेज रफ्तार आकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर से उछलकर गिरे दोनों बाइक सवार
थार की टक्कर इतनी तेज थी कि इससे दोनों बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। इस दौरान, उनकी बाइक भी बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी ड्राइवर अपनी गाड़ी सहित घटनास्थल से फरार हो गया। फिर, पुलिस ने लोकल लोगों और परिजनों की मौजूदगी में दोनों घायलों को इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल में पहुंचाया। वहां जांच में पाया गया कि कार्तिकेय त्रिपाठी के पैर में फ्रैक्चर हो गया, जबकि अमित सिंह मामूली रूप से घायल हुए।
CCTV फुटेज में नहीं दिखा थार का नंबर
इस दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला। इस दौरान, एक फुटेज में थार गाड़ी, बाइक को टक्कर मारते हुए नजर आ रही है, लेकिन उसमें गाड़ी का नंबर साफ नहीं दिख रहा है। इस मामले पर पुलिस ने कहा कि थार और उसके ड्राइवर की पहचान करने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें- UPSC की तैयारी कर रही युवती से लखनऊ में गैंगरेप, परिचित ने ट्रेन से उतारा और नशे में धुत करने के बाद 2 दोस्तों के साथ मिलकर की दरिंदगी