1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ: दबंगों के हौसले बुलंद, कारोबारी के दोनों पैरों पर चढ़ाई THAR कार, कुचलने की कोशिश के बाद हड़कंप, देखें VIDEO

लखनऊ: दबंगों के हौसले बुलंद, कारोबारी के दोनों पैरों पर चढ़ाई THAR कार, कुचलने की कोशिश के बाद हड़कंप, देखें VIDEO

यूपी के लखनऊ में दबंगों को कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला ये है कि थार सवार दबंगों ने एक कारोबारी को कुचलने की कोशिश की और उनके पैरों पर कार चढ़ा दी।

Thar Car- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कारोबारी के दोनों पैरों पर चढ़ाई THAR कार

लखनऊ: यूपी के लखनऊ में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। विभूति खंड थाना क्षेत्र से सामने आया एक मामला तो यही दर्शाता है। यहां दबंगों ने एक कारोबारी को थार कार से कुचलने की कोशिश की है और कारोबारी के दोनों पैरों पर कार चढ़ा दी है। इसका वीडियो भी सामने आया है।

क्या है पूरा मामला?

विभूति खंड थाना क्षेत्र में दबंगों की गुंडई सामने आई है। दबंगों ने कारोबारी को थार से कुचलने का प्रयास किया है। दबंगों ने कारोबारी के दोनों पैरों पर गाड़ी चढ़ाई है। समिट बिल्डिंग परिसर में ये सनसनीखेज घटना हुई है। लोगों की मदद से पुलिस ने कारोबारी को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया है, जहां कारोबारी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को मिली शिकायत में क्या कहा गया?

पवन पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि रात 1 बजे  वो समिट बिल्डिंग के एक क्लब से वापस आ रहे थे। जब वो पार्किंग से गाड़ी निकाल रहे थे तभी एक थार में आकाश यादव, मोहित मेवाड़ी अपने दोस्त के साथ थे। पवन के मुताबिक, थार सवार लोगों ने उनके दोस्त प्रशांत की चेन खींचने की कोशिश की। जब विरोध किया तो मारपीट की और गाड़ी चढा दी जिससे उनके दोनों पैर कुचल गए और दोस्त भी बुरी तरह घायल हो गया। पवन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

गौरतलब है कि यूपी की योगी सरकार की अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति रही है। इसके बावजूद दबंगों में इतना साहस होना कि वह एक कारोबारी को सरेआम कार से कुचलने की कोशिश करें, ये कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। अब देखना ये होगा कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ क्या एक्शन होता है।