A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर पर लगा छात्रा से फोन पर अश्लील बातें करने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

लखनऊ यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर पर लगा छात्रा से फोन पर अश्लील बातें करने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। यूनिवर्सिटी द्वारा मामला की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है।

Lucknow University- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लखनऊ यूनिवर्सिटी के एक असिस्टेंट प्रोफेसर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर परमजीत सिंह पर आरोप है कि उन्होंने बीएससी फाइनल ईयर की एक छात्रा को फोन किया और अश्लील बातें की।

छात्रा से अश्लील बातें करने के दो ऑडियो सामने आए हैं। छात्रा ने दोनो ऑडियो यूनिवर्सिटी प्रशासन को दिए हैं। एक ऑडियो में असिस्टेंट प्रोफेसर एग्जाम के पेपर आउट करने की बात कर रहे हैं। लखनऊ यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक ने महानगर में इसकी शिकायत की है। यूनिवर्सिटी ने भी पूरे मामले की जांच करने के लिए कमेटी गठित कर दी है।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस ने बताया कि 15 मई को लखनऊ विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक द्वारा थाना महानगर पर लिखित तहरीर दी गई कि विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसर डॉ परमजीत सिंह पुत्र द्वारा विश्वविद्यालय की एक छात्रा के साथ अश्लील वार्तालाप करते हुए अनुचित लाभ प्रदान करने का प्रलोभन दिया गया। साथ ही विश्वविद्यालय में संचालित परीक्षाओं के प्रश्नपत्र आउट कराने संबंधी ऑडियो छात्रा द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को उपलब्ध कराया गया था।

उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जांच समिति गठित की गई थी। इस क्रम में परीक्षा नियंत्रक, लखनऊ विश्वविद्यालय लखनऊ से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना हसनगंज पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण की विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त महानगर द्वारा की जाएगी। आरोपी प्रोफेसर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

परमजीत सिंह जंतु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। इस मामले के सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन भी किया और असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि वह इस पूरे मामले को बहुत गंभीरता से देखेंगे और आंतरिक शिकायत समिति 24 घंटे के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपेगी।