A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. BSc छात्रा को 'डार्लिंग' कहने वाले असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ बड़ा एक्शन, लखनऊ विश्वविद्यालय ने किया सस्पेंड

BSc छात्रा को 'डार्लिंग' कहने वाले असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ बड़ा एक्शन, लखनऊ विश्वविद्यालय ने किया सस्पेंड

लखनऊ विश्वविद्यालय में बीएससी छात्रा को अपशब्द भाषा कहने वाले जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह - India TV Hindi
Image Source : REPORTER असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह। फाइल

लखनऊः लखनऊ विश्वविद्यालय में बीएससी छात्रा को डार्लिंग कहने वाले जूलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से ये बड़ी कार्रवाई की गई। दोपहर में कार्यपरिषद की आपात बैठक में डॉ. परमजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने पर मुहर लगा दी गई। 

जांच में आरोप सही साबित हुए

तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय अनुशासन समिति की अंतरिम रिपोर्ट में उन पर छात्रा के यौन शोषण के प्रयास, प्रश्नपत्र लीक की बात स्वीकार करने, विश्वविद्यालय की साख को नुकसान पहुंचाने और UGC और विशाखा गाइडलाइंस के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। आरोपी प्रोफेसर को लखनऊ पुलिस गिरफ्तार करके पहले ही जेल भेज चुकी है। 

 असिस्टेंट प्रोफेसर का ऑडियो हुआ था वायरल

बता दें कि सोशल मीडिया पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हुई थी, जिसमें असिस्टेंट प्रोफेसर को कथित तौर पर BSc अंतिम वर्ष की एक छात्रा से यौन संबंध बनाने की मांग करते हुए और यह कहते हुए सुना जा सकता है, "डार्लिंग, मैंने तुम्हारे लिए परीक्षा का पेपर तैयार कर लिया है। परीक्षा से पहले वापस आ जाना, और मैं तुम्हें यह यहीं दे दूंगा।" इसके बाद छात्रा ने मामले की जानकारी यूनिवर्सिटी प्रशासन को दी, जिसके बाद परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद हसनगंज पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा कि "संस्थान की गरिमा और शैक्षणिक माहौल को नुकसान पहुंचाने वाला कोई भी कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद छात्र संगठनों ने यूनिवर्सिटी परिसर में प्रदर्शन किया और आरोपी प्रोफेसर को तत्काल निलंबित करने की मांग की थी।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दर्ज कराया था मामला

पुलिस के अनुसार, 15 मई को लखनऊ यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक ने एक लिखित शिकायत दी, जिसमें कहा गया था कि परमजीत सिंह ने कथित तौर पर यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ अश्लील बातचीत की और उसे अनुचित लाभ देने की पेशकश की। पुलिस ने आगे बताया कि छात्रा ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को ऑडियो रिकॉर्डिंग दी थीं, जिनमें आरोपी कथित तौर पर यूनिवर्सिटी के परीक्षा पत्र लीक करने के बारे में बात कर रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एक जांच कमेटी बनाई।