उत्तर प्रदेश पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। भाजपा के एक नेता ने शुक्रवार को दावा किया कि शाहजहांपुर स्थित उनके होटल पर हुए हमले के मुख्य आरोपी ने महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक विवाह भवन परिसर में शादी कर ली। शहर में मौजूद उत्तर प्रदेश पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। अक्षय कदम पर भाजपा नेता के होटल में मारपीट करने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने का आरोप है।
पुलिस बोली, जल्द करेंगे गिरफ्तार
आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है। आरोपी के विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस बीच, शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश द्विवेदी ने कहा, 'हम आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे और हमारी टीम महाराष्ट्र में मौजूद है।'
5 आरोपियों में से 2 को भेजा जा चुका है जेल
द्विवेदी ने बताया कि थाना तिलहर अंतर्गत नगरिया मोड़ स्थित एक होटल में मारपीट करने के पांच आरोपियों में से दो को जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। उन्होंने कहा, 'हमारी पुलिस टीम सतारा में मौजूद है और उसके छापा मारने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गया। हम जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेंगे।'
19 दिसंबर की रात में होटल में हुई थी मारपीट
स्थानीय भाजपा नेता दिवाकर सिंह ने बताया कि उनके होटल में हुई मारपीट की घटना के मुख्य आरोपी अक्षय कदम ने गुरुवार को महाराष्ट्र के सतारा जिले के एक विवाह भवन परिसर में शादी की। उन्होंने दावा किया कि हालांकि, उप्र की पुलिस की टीम महाराष्ट्र में मौजूद थी और ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। अक्षय कदम तथा उसके साथियों पर 19 दिसंबर की रात होटल में मारपीट तथा तोड़फोड़ करने का आरोप है। मौके पर पहुंची पुलिस से भी आरोपियों ने अभद्रता की तथा एक गार्ड को कार में डालने की कोशिश की।