1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. साला चाहता था रौब जमाना, जीजा ने गिफ्ट कर दिया तमंचा, अब पुलिस करेगी जमकर इलाज

साला चाहता था रौब जमाना, जीजा ने गिफ्ट कर दिया तमंचा, अब पुलिस करेगी जमकर इलाज

गाजियाबाद की मसूरी पुलिस ने चित्तोडा पुल के पास से 19 साल के शातिर चोर सलमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक अवैध कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

Main Accused Got Arrested- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हवाई फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी सलमान गिरफ्तार

गाजियाबाद की थाना मसूरी पुलिस टीम को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की वारदात के दौरान हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने वाले मुख्य आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। 19 साल के सलमान को पुलिस ने चित्तोडा पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक चला हुआ कारतूस बरामद किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 26 और 27 जून की रात की है। सलमान नाम का एक बदमाश अपने दो दोस्तों, वारिस और बिलाल के साथ, पड़ोस में रहने वाले तमकीन के एक बनते हुए मकान में चोरी करने के इरादे से घुसा। जब वे मकान के अंदर थे तो उनकी आवाज सुनकर मकान मालिक और आस-पास के लोगों की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों से खुद को घिरता देखकर सलमान डर गया कि कहीं वह पकड़ा न जाए। इसलिए लोगों को डराने और वहां से भागने के लिए उसने अपने पास रखी बंदूक से हवा में गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया और इस मौके का फायदा उठाकर तीनों वहां से भाग गए।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत के आधार पर मसूरी थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और घटना के अगले ही दिन यानी 28 जून को दूसरे आरोपी वारिस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद से पुलिस मुख्य आरोपी सलमान की तलाश कर रही थी, जिसे आज चित्तोडा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी सलमान ने अपना गुनाह किया कबूल

पुलिस पूछताछ में आरोपी सलमान ने अपना गुनाह मान लिया है। उसने बताया कि यह अवैध तमंचा उसने करीब 2 साल पहले अपने जीजा से लिया था ताकि वह इलाके में लोगों पर अपना रौब और धौंस जमा सके। इस बात का पता चलने के बाद पुलिस ने दर्ज केस में गैर-कानूनी हथियार रखने की धाराएं भी जोड़ दी हैं। अब पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और उनके तीसरे साथी बिलाल की तलाश कर रही है।

गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

कानपुर में गैंगस्टर अजय ठाकुर की रिहाई बनी चर्चा, छूटते ही सेलिब्रिटी की तरह फैंस का किया शुक्रिया

एक्सक्लूसिव: महिला से छेड़छाड़ के आरोपी को सपा ने सौंपी जिलाध्यक्ष की कमान