1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में STF की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में STF की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ में कुछ दिन पहले प्रॉपर्टी डीलर की सरेआम से हत्या से सनसनी फैल गई थी। इस केस में अब STF को बड़ी सफलता मिली है। 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Property Dealer Murder- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एक लाख रुपये का इनामी आरोपी गंगाराम यादव

लखनऊ में दिनदहाड़े हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में STF को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कई दिनों से फरार चल रहे 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को आखिरकार STF ने दबोच लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की कई परतें खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि STF ने गंगाराम यादव को देर रात आलमबाग बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस को इस हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना है।

दिनदहाड़े हत्या से मची थी सनसनी

दरअसल, 27 मई 2026 को राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संदीप सिंह अपनी कार से उतरकर ऑफिस की ओर जा रहे थे। उसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही संदीप सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल संदीप को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

CCTV में कैद हुई थी पूरी वारदात

यह पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज में बदमाश बेहद बेखौफ अंदाज में फायरिंग करते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और पता चला कि हत्या को अंजाम देने के लिए भाड़े के शूटर बुलाए गए थे। इस मामले में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था। STF इससे पहले मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपी गंगाराम यादव अंबेडकरनगर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पूछताछ में उसने शूटरों की व्यवस्था कराने की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दिनेश कुमार यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर इस साजिश में मदद की थी।

(रिपोर्ट: विशाल सिंह)

यह भी पढ़ें:

अस्पताल में भर्ती 3 साल की मासूम को कुत्तों ने नोंच खाया! मां के सामने झपटा, चीखते रहे परिजन, गार्ड-स्टाफ गायब

आगरा, मथुरा, अलीगढ़ समेत यूपी के 8 जिलों से नोएडा एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा आज से शुरू