1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: बारिश बनी काल, बाइक सवार के ऊपर गिरा नीम का पेड़; हुई दर्दनाक मौत

VIDEO: बारिश बनी काल, बाइक सवार के ऊपर गिरा नीम का पेड़; हुई दर्दनाक मौत

यूपी के बुलंदशहर जिले में एक शख्स की पेड़ के नीचे दबने से मौत हो गई। युवक बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ा था।

पेड़ के नीचे दबने से हुई मौत।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पेड़ के नीचे दबने से हुई मौत।

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां तेज बारिश ने दो दिन पहले एक युवक की जान ले ली। युवक की मौत का वीडियो भी सामने आ गया है, जो पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक अपनी बाइक लाकर पेड़ के नीचे खड़ा होता है। इसी दौरान देखते ही देखते नीम का पेड़ उखड़कर उसके ऊपर गिर जाता है। इस घटना के बीच शख्स को भागने तक का मौका नहीं मिलता और वह पेड़ के नीचे दब जाता है, जिससे उसकी मौत हो जाती है। 

बारिश से बचने के लिए खड़ा हुआ शख्स

दरअसल, पूरा मामला बुलंदशहर के छतारी थाना क्षेत्र का है। यहां शहर गेट पर उस समय सनसनी फैल गई, जब बारिश से बचने के लिए नीम के पेड़ के खड़े युवक पर पेड़ गिर गया। दरअसल, बारिश की वजह से युवक ने नीम के पेड़ के नीचे अपनी बाइक खड़ी कर दी। इसी दौरान अचानक पेड़ की जड़ें कमजोर होने से विशाल नीम का पेड़ धड़ाम से गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही युवक उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में युवक की बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। 

घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

मरने वाले युवक की पहचान पहासू के बनैल गांव के रहने वाले के रूप में की गई है। वहीं इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए एडीएम फाइनेंस अभिषेक सिंह ने बताया कि कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बरसात के कारण दो दिन पहले पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हुई थी। प्रशासन पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा एक मकान भी गिर गया था, जिसमें 9 पशुओं की दबकर मौत हो गई थी। (इनपुट- वरुण शर्मा)