1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. स्कूल कैंपस में घुसकर महिला टीचर की गोली मारकर हत्या, खुद को भी उड़ाया, दोनों की मौत

स्कूल कैंपस में घुसकर महिला टीचर की गोली मारकर हत्या, खुद को भी उड़ाया, दोनों की मौत

लखीमपुर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे हड़कंप मच गया है। युवक ने स्कूल में घुसकर टीचर की हत्या कर दी और खुद भी जान दे दी।

The young man entered this school in Lakhimpur Kheri, killed the teacher and then shot himself.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT लखीमपुर खीरी के इसी स्कूल में घुसकर युवक ने टीचर की हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली।

उत्तर प्रदेश के लखीपुर खीरी में एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक स्कूल में घुसकर युवक ने महिला टीचर को गोली मार दी, इससे उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं, इसके बाद युवक ने खुद को भी कनपटी पर गोली मार ली, इससे उनकी जान चली गई। इस पूरे घटनाक्रम से पूरे इलाके में हड़कंप जैसा माहौल बना हुआ है।

डीएम और एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर ली मामले की जानकारी

लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात हो गई। स्कूल परिसर में घुसे एक युवक ने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद के गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना से स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में भारी दहशत फैल गई। डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली है। पुलिस जांच कर रही है। 

दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने से पहले पहुंचा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर स्कूल की छुट्टी से पहले करीब 30 साल का सऊद हथियार लेकर स्कूल के भीतर दाखिल हो गया। उसने पहले 28 साल की टीचर निशात फातिमा से कुछ बातचीत की। इसके बाद बातों की बातों में साउद फातिमा को लेकर स्कूल की दूसरी मंजिल पर पहुंच गया। वहां पहुंचते ही दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई। इसके बाद साउद ने फातिमा पर एक के बाद एक दो गोलियां दाग दीं। शिक्षिका के लहूलुहान होकर गिरते ही आरोपी ने उसी असलहे से अपनी कनपटी पर गोली चला दी।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

इस दौरान जैसे ही स्कूल गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा उसे सुनकर स्कूल में भगदड़ मच गई। वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। डीएम अंजनी कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि क्या युवक टीचर को पहले से जानता था। साथ ही ये भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि जिस हथियार से गोली चलाई गई, वो कौन सा था। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। 

लखीमपुर खीरी से प्रतीक श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

'बीवी से दिन में दो-चार बार कहें Love You My Dear' कानपुर में ओवैसी का अलग अंदाज, कहा मोहब्बत बीबी से करें, वोट मजलिस को दें

"पैसा, दबंगई और आपसी लड़ाई", राजभर ने फिर बताया PDA का मतलब, अखिलेश पर कसा तंज